न पोस्टर, न हंगामा…सरगुजा में Gen Alpha का अनोखा विरोध! 30 KM चलकर कलेक्टर के पास पहुंचीं एकलव्य स्कूल की छात्राएं

अंबिकापुर/सरगुजा, 7 सितंबर 2026। सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र के शिवपुर स्थित एकलव्य स्कूल की सैकड़ों छात्राओं ने सोमवार को व्यवस्थाओं के खिलाफ अनोखे अंदाज में मोर्चा खोल दिया। करीब 30 किलोमीटर का सफर तय कर छात्राएं सीधे अंबिकापुर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और कलेक्टर अजीत वसंत के सामने हॉस्टल और पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का पूरा ब्यौरा रखा।
छात्राओं के अचानक बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचने से प्रशासनिक अमले में भी हलचल मच गई। छात्राओं ने साफ कहा कि हॉस्टल में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की समस्या बनी हुई है, जिसका असर उनकी पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है।
एक महीने से बिजली गुल, सफाई और खाने को लेकर भी शिकायत
कलेक्टर से मुलाकात के दौरान छात्राओं ने बताया कि हॉस्टल में करीब एक महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है। बिजली नहीं होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्राओं ने हॉस्टल की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत की। इसके अलावा उनका कहना था कि स्कूल में दो विषयों की पढ़ाई नियमित और प्रभावी तरीके से नहीं हो रही है। छात्राओं ने शिक्षकों पर पढ़ाई को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया।
समीक्षा बैठक छोड़कर छात्राओं के बीच पहुंचे कलेक्टर
जब छात्राएं कलेक्टर से मिलने पहुंचीं, उस वक्त कलेक्टर अजीत वसंत साप्ताहिक समीक्षा बैठक में थे। छात्राओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अपनी बैठक रोक दी और सीधे छात्राओं से मुलाकात की।
कलेक्टर ने छात्राओं की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। शिकायतों को लेकर अधिकारियों की लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी भी जताई।
कलेक्टर से बातचीत के बीच अचानक बेहोश हुई छात्रा
कलेक्टर से बातचीत के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक छात्रा अचानक बेहोश हो गई। छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका उपचार शुरू किया।
न नारे लगे, न हंगामा… सीधे अफसरों के सामने रख दी पूरी बात
छात्राओं का विरोध अपने शांत लेकिन प्रभावी अंदाज के कारण चर्चा में रहा। उन्होंने नारेबाजी या हंगामा करने के बजाय सीधे कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।
छात्राओं से मिलने के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत, अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह और कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
कलेक्टर की दो टूक- लापरवाही हुई तो कार्रवाई तय
कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि छात्राओं ने मुख्य रूप से तीन प्रमुख समस्याएं बताई हैं। इनमें हॉस्टल में साफ-सफाई की व्यवस्था, करीब एक महीने से बिजली की समस्या और दो विषयों की पढ़ाई ठीक से नहीं होने की शिकायत शामिल है।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जिले के सभी आश्रम, हॉस्टल और स्कूलों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्देश के बावजूद यदि जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को पहले ही सचेत कर दिया है, ताकि भविष्य में छात्राओं को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
