छत्तीसगढ़ खबरें

छत्तीसगढ़ के इस IAS के नाम पर फर्जीवाड़ा, शेयर ट्रेडिंग में 88 लाख रुपये की चपत…रायपुर पुलिस ने दबोचे दो आरोपी


रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत रायपुर रेंज साइबर पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पर वरिष्ठ IAS अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाने का आरोप है, जबकि दूसरे पर शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 88 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। जांच में एक आरोपी के इस्तेमाल किए गए बैंक खाते से देश के 11 अलग-अलग थानों और साइबर सेल में दर्ज शिकायतों के तार भी जुड़े मिले हैं।

पहले मामले में सुशांत पनका ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वरिष्ठ IAS अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाई गई है। मामले में राखी थाने में अपराध दर्ज कर जांच रायपुर रेंज साइबर थाना को सौंपी गई।

पुलिस ने फेसबुक, गूगल और मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों से प्राप्त जानकारी का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के आधार पर उत्तर प्रदेश के हमीरपुर निवासी अर्जुन कुमार जाटव (23) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी फेसबुक आईडी बनाने और धोखाधड़ी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल था। उसके मोबाइल फोन की जांच में स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के अन्य महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के नाम से भी फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस इन मामलों की भी जांच कर रही है।

शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच, 88 लाख रुपये गंवाने की शिकायत

दूसरा मामला शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने के झांसे से जुड़ा है। प्रार्थी रश्मि शर्मा ने आरोप लगाया था कि शेयर ट्रेडिंग में लाभ दिलाने के नाम पर उनसे 88 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।

शिकायत पर रायपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और वाट्सऐप से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। तकनीकी विश्लेषण के बाद उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी प्रवीण कुमार दीक्षित (46) की पहचान की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर ‘दीक्षित एजेंसी’ नाम से फर्जी कंपनी के जरिए बैंक खाते खुलवाता था। इन खातों में कथित धोखाधड़ी की रकम जमा कराई जाती थी। पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके अन्य साथियों के संबंध में भी जानकारी मिली है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

एक बैंक खाते से 11 थानों और साइबर सेल तक पहुंची जांच

इस मामले में जांच का दायरा दूसरे राज्यों तक फैलने के संकेत मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रवीण कुमार दीक्षित द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खाते के संबंध में देश के अलग-अलग 11 थानों और साइबर सेल में शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

अब पुलिस कथित नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों, बैंक खातों और रकम के लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

IG अमरेश मिश्रा के निर्देश पर कार्रवाई

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा ने रेंज साइबर थाना को साइबर अपराधों में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान करने, तकनीकी साक्ष्य जुटाने और गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी के तहत दोनों मामलों में कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी अर्जुन कुमार जाटव (23): ग्राम पारा, तहसील मौदहा, जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश। प्रवीण कुमार दीक्षित (46): पांडु नगर, हंस नगर, कानपुर, उत्तर प्रदेश।

 

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp