82 लाख लेकर बोली- पार्टी में बड़ा पद दिलाऊंगी! राजनीतिक ज्वाइनिंग के नाम पर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

बिलासपुर। राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में बड़ा पद दिलाने और पार्टी में ज्वाइनिंग कराने का झांसा देकर 82 लाख 63 हजार 194 रुपए की कथित ठगी करने वाली महिला को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए बड़े नेताओं से करीबी संबंध होने का दावा किया था। पार्टी फंड और जरूरी कागजी प्रक्रिया के नाम पर रकम लेने के साथ उसने प्रार्थी को राजनीतिक पद दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार श्री विहार, सरकंडा निवासी चेतन आनंद दुबे की वर्ष 2025 में फेसबुक के जरिए निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की से पहचान हुई थी। महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए केंद्र और राज्य के बड़े नेताओं से संपर्क होने का दावा किया। उसने पहले प्रार्थी के जमीन विवाद को सुलझाने का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास हासिल किया।
इसके बाद प्रार्थी की बेरोजगारी और राजनीति में रुचि को देखते हुए आरोपी महिला ने उसे पार्टी में बड़ा पद दिलाने और ज्वाइनिंग कराने का झांसा दिया। पुलिस का कहना है कि इसके बाद पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर रकम लेना शुरू किया गया।
अलग-अलग खातों में पहुंची रकम
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद के अलावा प्रार्थी के परिचितों सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों के जरिए भी रकम ली। अलग-अलग माध्यमों से कुल 82,63,194 रुपए लिए जाने का आरोप है।
रकम देने के बाद जब प्रार्थी ने पैसे वापस मांगे और पार्टी में पद व ज्वाइनिंग को लेकर सवाल किया तो विवाद बढ़ गया। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने कथित तौर पर रकम वापस करने से इनकार किया और बार-बार फोन करने या परेशान करने पर महिला संबंधी झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी।
शिकायत के बाद पुलिस ने खंगाला नेटवर्क
मामले की शिकायत मिलने पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1376/2026, धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के झगराखांड और खोंगापानी पहुंची।
स्थानीय पुलिस और गवाहों की मदद से पुलिस ने आरोपी निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की (34 वर्ष), निवासी खोंगापानी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल और दस्तावेज जब्त
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, प्रार्थी के दस्तावेज और बायोडाटा जब्त किए गए हैं। पुलिस को आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी मिली, जिसके आधार पर मामले में धारा 119(1) BNS जोड़ी गई।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले भी मामले दर्ज हैं। इनमें थाना झगराखांड के अपराध क्रमांक 219/23 में धारा 294, 34, 341 भादवि, अपराध क्रमांक 70/2023 में धार
