Telibandha Chowk: तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा, किसी तरह का भ्रम न रखें : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री ने कहा - न चौक का नाम बदल रहे हैं, न उसके मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ की जा रही है, प्रदेश के 38 स्थानों पर विकसित होंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’, तेलीबांधा चौक भी इनमें शामिल

रायपुर | 8 अक्टूबर 2026. रायपुर के चर्चित तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति साफ कर दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। चौक के मौजूदा नाम और मूल स्वरूप के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। इसका अर्थ चौक का नाम बदलना नहीं, बल्कि उसे ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित करना है।
‘नाम यथावत रहेगा’, CM ने दूर किया भ्रम
मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तेलीबांधा चौक के नाम को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि न चौक का नाम बदला जा रहा है और न ही उसके मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के तहत विकसित किया जाएगा और तेलीबांधा चौक भी इसी पहल का हिस्सा है।
25 साल की जनसेवा के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में भी इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
दुर्ग में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम, महतारी वंदन की 32वीं किस्त
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि वे गुरुवार को दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को शुभकामनाएं दीं।
दुर्ग को मिलेगी विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान दुर्ग जिले को विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
