राजनीति

CM Vishnu Deo Sai Diwali Milan: CM साय का अलग अंदाज: मुख्यमंत्री निवास में हर टेबल पर पहुंचे, पद्मश्री विभूतियों से लेकर संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तक से की मुलाकात

मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन समारोह में प्रदेशभर के समाज प्रमुख, लोकतंत्र सेनानी, कलाकार, साहित्यकार और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि जुटे। मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से सभी से मुलाकात कर अनुभव सुने।


रायपुर, 18 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री निवास में बुधवार को आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक अलग अंदाज देखने को मिला। औपचारिक मंच और भाषणों से इतर मुख्यमंत्री खुद एक-एक टेबल पर पहुंचे और वहां मौजूद अतिथियों से मुलाकात की। किसी से हालचाल पूछा तो किसी के अनुभव सुने। कहीं सामाजिक कार्यों की जानकारी ली तो कहीं कलाकारों की साधना और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के पुराने संस्मरणों पर चर्चा की।

नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस समारोह में प्रदेशभर से पद्मश्री सम्मानित विभूतियां, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, लोकतंत्र सेनानी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता और शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, सेवा, उद्योग एवं श्रमिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए। आयोजन में छत्तीसगढ़ की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली।

पद्मश्री कलाकारों से मुलाकात, बस्तर की कला और कबीर वाणी पर चर्चा

समारोह में पद्मश्री सम्मानित विभूतियों की मौजूदगी खास रही। मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध सूफी गायक मदन सिंह चौहान से मुलाकात कर संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

इसके अलावा पद्मश्री पंडीराम मंडावी से अबूझमाड़ की पारंपरिक काष्ठकला और उसके संरक्षण को लेकर चर्चा की। पद्मश्री भारती बंधु से मुलाकात के दौरान संत कबीर की वाणी और भक्ति संगीत को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान की सराहना की।

संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से पुराने अनुभवों पर चर्चा

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लगभग चार दशक से सक्रिय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी भूमिका और अनुभवों के बारे में जाना।

लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को किया नमन

प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोकतंत्र सेनानियों से मुख्यमंत्री ने आपातकाल के दौर के अनुभव सुने। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनके संघर्ष को स्मरणीय बताया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

शिक्षा, सेवा और सामाजिक संगठनों की भी रही मौजूदगी

समारोह में आरोग्य भारती, सेवा भारती, भारतीय कुष्ठ निवारक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विद्या भारती, भारतीय शिक्षण मंडल, प्रज्ञा प्रवाह, भारतीय साहित्य परिषद, विश्व हिंदू परिषद और वनवासी कल्याण आश्रम सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

लघु उद्योग भारती और भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधियों से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। इस दौरान स्थानीय उद्यमिता, रोजगार, श्रमिक कल्याण और छोटे उद्योगों को प्रोत्साहन देने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

जनजातीय बच्चों तक अंतरिक्ष विज्ञान पहुंचाने की पहल पर चर्चा

विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल की जानकारी दी। इसके माध्यम से जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, उन्हें अवसर और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की जरूरत है।

बोले मुख्यमंत्री- समाज के हर वर्ग की सहभागिता से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और उल्लास का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोगों की सरलता, आत्मीयता और सेवा भावना है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। विभिन्न क्षेत्रों में समर्पित भाव से काम कर रहे लोगों के अनुभव और प्रयास प्रदेश की विकास यात्रा को नई ऊर्जा देते हैं।

समारोह में जैन समाज, वैष्णव समाज, छत्तीसगढ़िया सोनार समाज सहित कई सामाजिक संगठनों के वरिष्ठजन भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp