बिलासपुर लूट कांड: UP के मिर्जापुर में धरे गए लुटेरे, 4 करोड़ के जेवर और नकदी बरामद

बिलासपुर, 19 फ़रवरी 2026.: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा व्यापारी संतोष तिवारी के साथ हुई सनसनीखेज लूट का मामला सुलझ गया है। उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर एसटीएफ (STF) ने घेराबंदी कर सफेद रंग की स्कॉर्पियो में भाग रहे चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से लूटे गए भारी मात्रा में सोने के जेवर और नकद राशि बरामद की गई है।


क्या था पूरा मामला?
मंगलवार रात करीब 9:30 बजे राजकिशोर नगर निवासी सराफा व्यापारी संतोष तिवारी अपनी दुकान (महालक्ष्मी ज्वेलर्स, बसंत विहार) बंद कर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान:
प्लानिंग के तहत हमला किया, टेलीफोन एक्सचेंज के पास एक सफेद रंग की वैन ने उनकी कार को टक्कर मारी। कार से उतरते ही बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दी। विरोध करने पर लुटेरों ने उनके सिर पर हथौड़े से 12 बार वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
लुटेरे व्यापारी की ही कार लेकर फरार हो गए, जिसमें लगभग 2 किलो 200 ग्राम सोने के जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 शुद्ध सोने के बिस्किट और 3.50 लाख रुपये नकद रखे थे। कुल मशरूका की कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है।


कैसे पकड़े गए आरोपी?
वारदात के बाद आरोपी अपनी वैन और बाइक मौके पर ही छोड़कर व्यापारी की कार लेकर भागे थे। पुलिस ने जब सीसीटीवी (CCTV) खंगाला, तो आरोपी सफेद रंग की स्कॉर्पियो में मोपका बाईपास से रतनपुर-अंबिकापुर मार्ग की ओर जाते दिखे।


मिर्जापुर एसटीएफ ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी की और चारों बदमाशों को धर दबोचा।
सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस के उच्च अधिकारी दल-बल के साथ आरोपियों को लेने मिर्जापुर रवाना हो गए हैं।


अकलतरा से चुराई गई थी वैन
जांच में पता चला कि लूट में इस्तेमाल की गई मारुति इको वैन (CG 10 BD 8147) दो दिन पहले ही अकलतरा से चोरी की गई थी। बदमाशों ने पूरी रेकी करने के बाद इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया था।


व्यापारी की हालत में सुधार
घायल संतोष तिवारी का इलाज फिलहाल ‘प्रथम अस्पताल’ में चल रहा है। सराफा एसोसिएशन ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया है। आईजी और एसपी ने आश्वासन दिया है कि सारा माल बरामद कर लिया जाएगा और अपराधियों को कड़ी सजा मिलेगी।

Related Articles