LIVE UPDATE

कैबिनेट ब्रेकिंग: बैठक में खुला नौकरियों का पिटारा, कांस्टेबल भर्ती के लिए आयु सीमा में मिली 1 वर्ष की छूट, पढ़िए कैबिनेट के फैसले

लोकसभा चुनाव के आचार संहिता हटने के बाद हिमाचल सरकार की पहली कबिनेट बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में पुलिस विभाग में आरक्षी (कांस्टेबल) के 1226 पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवारों की अधिकतमत आयु सीमा में एक वर्ष की छूट देने को स्वीकृति प्रदान की गई। इस छूट के साथ अब सामान्य वर्ग के उम्मीदवार 18 से 26 वर्ष की आयु तक अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, गोरखा, प्रतिष्ठित खिलाड़ी 18 से 28 वर्ष तक और होमगार्ड 20 से 29 वर्ष की आयु तक पुलिस विभाग में कांस्टेबल पद की भर्ती के लिए पात्र होंगे।

6297 प्राइमरी स्कूलों में नियुक्त होंगे नर्सरी टीचर
मंत्रिमंडल ने नौनिहालों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षा विभाग में 6297 प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा प्रशिक्षकों की नियुक्ति सहित विभिन्न सरकारी विभागों में 6630 से अधिक पद सृजित कर इन्हें भरने को स्वीकृति प्रदान की।

स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सा अधिकारियों के भरेंगे 200 पद
बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में चिकित्सा अधिकारियों के 200 पद सृजित करने और भरने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त, मंत्रिमंडल ने राज्य के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों में प्रोफैसर, एसोशिएट प्रोफैसर तथा सहायक प्रोफैसर के 22 पद भरने को मंजूरी प्रदान की। लोगों को घरद्वार के निकट बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नाहन में प्रोफैसर के 3 तथा एसोशिएट प्रोफैसर के 2 पद, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नेरचौक, मंडी में प्रोफैसर के 2 तथा एसोशिएट प्रोफैसर का एक पद, पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चम्बा में विभिन्न विभागों में प्रोफैसर के 4 तथा एसोशिएट एवं सहायक प्रोफैसर के 5-5 पद भरे जाएंगे। इसके अतिरिक्त टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में आपाकालीन चिकित्सा अधिकारी के 8 पद सृजित कर भरने तथा चम्बा चिकित्सा महाविद्यालय में सहायक प्रोफैसर के 5 पद सृजित कर भरने सहित दोनों चिकित्सा महाविद्यालयों में ट्रॉमा सैंटर क्रियाशील बनाने के लिए स्टाफ नर्स, ऑप्रेशन थिएटर सहायक, तकनीशियन, मल्टी टास्क वर्करइत्यादि सहायक स्टाफ को नियुक्त करने को स्वीकृति प्रदान की गई।

प्रशासनिक ट्रिब्यूनल में विभिन्न श्रेणियों के भरे जाएंगे 84 पद
मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक ट्रिब्यूनल में विभिन्न श्रेणियों के 84 पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। बैठक में राज्य में नवगठित फोरलेन नियोजन क्षेत्रों के लिए नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 13 पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की गई। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में युवा आयोजकों के 4 पद भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

चयन आयोग के तहत होगी ग्रुप सी के पदों की सीधी भर्ती
राज्य सरकार और राज्य सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, बोर्डों, निगमों, स्थानीय निकायों के अंतर्गत ग्रुप सी के पदों की सीधी भर्ती को हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के तहत लाने का निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने जिला कांगड़ा के देहरा में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय खोलने को स्वीकृति प्रदान की। हालांकि देहरा विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण इस संबंध में अधिसूचना बाद में जारी की जाएगी। बैठक में जिला ऊना के हरोली में विद्युत बोर्ड का मण्डलीय कार्यालय खोलने को भी मंजूरी प्रदान की गई।

होम स्टे के सुव्यवस्थित संचालन को गठित होगी कैबिनेट सब कमेटी
मंत्रिमंडल ने प्रदेश में पर्यटन को प्रोत्साहन प्रदान करने और होम स्टे का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश तैयार करने के लिए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान की अध्यक्षता में एक मंत्रिमंडलीय उपसमिति भी गठित करने का निर्णय लिया। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी इस समिति के सदस्य होंगे। इसके अलावा संसाधनों के सृजन के लिए सुझाव देने के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमंडलीय उपसमिति को स्वीकृति प्रदान की गई। कृषि मंत्री चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी इस उपसमिति के सदस्य होंगे। मंत्रिमंडल ने प्रदेश में वनों की आग, सूखे की स्थिति, जल संकट और मानसून की स्थिति की भी समीक्षा की।

ये खबर भी पढ़ें…
UP की नई पहचान, विकास की “उड़ान”: PM मोदी ने 11,282 करोड़ के जेवर एयरपोर्ट का किया उद्घाटन, UP बनने जा रहा है, Global Aviation Hub
UP की नई पहचान, विकास की “उड़ान”: PM मोदी ने 11,282 करोड़ के जेवर एयरपोर्ट का किया उद्घाटन, UP बनने जा रहा है, Global Aviation Hub
March 28, 2026
उत्तर प्रदेश के जेवर में Noida International Airport (Jewar Airport) के पहले चरण का आज PM Narendra Modi ने रिमोट...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

Related Articles