बिलासपुर सेंट्रल जेल में फिर मोबाइल कांड! मुलाकातियों ने अंदर बनाया VIDEO, सुरक्षा जांच पर उठे बड़े सवाल

बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल एक बार फिर विवादों के घेरे में है। जेल परिसर के अंदर बंदियों से मुलाकात के दौरान बनाया गया एक मोबाइल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जेल का मुलाकात क्षेत्र साफ नजर आ रहा है। हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर मोबाइल पहुंचने और वीडियो बनाए जाने की घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग बंदियों से मुलाकात के लिए जेल पहुंचे थे। इसी दौरान कथित तौर पर उन्होंने अपने मोबाइल से जेल परिसर के अंदर वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब जेल में प्रवेश के दौरान मोबाइल फोन और कैमरा जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध है, तो आखिर मोबाइल अंदर पहुंचा कैसे? क्या प्रवेश द्वार पर होने वाली जांच में लापरवाही हुई या फिर सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर सेंध लगी?
पहले भी सामने आ चुका है मोबाइल का मामला
बिलासपुर सेंट्रल जेल में मोबाइल को लेकर विवाद कोई नया नहीं है। इससे पहले भी जेल के अंदर कैदी के मोबाइल पर बातचीत करते हुए वीडियो सामने आने का मामला चर्चा में रहा था। उस समय भी जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे और जांच की बात कही गई थी। अब एक बार फिर जेल के अंदर से वीडियो सामने आने के बाद पुराने सवाल फिर खड़े हो गए हैं।
एक साल में 6 कैदियों की मौत से भी उठे सवाल
बिलासपुर सेंट्रल जेल में करीब एक साल के दौरान 6 कैदियों की मौत का मुद्दा भी जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा में रहा है। मृतकों के परिजनों की ओर से कई मामलों में जेल प्रबंधन पर लापरवाही और समय पर बेहतर इलाज नहीं मिलने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
ऐसे में एक तरफ कैदियों की मौत और दूसरी तरफ जेल के भीतर मोबाइल पहुंचने तथा वीडियो वायरल होने की घटनाएं जेल की निगरानी, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर रही हैं।
जेल प्रशासन बोला- जांच के बाद होगी कार्रवाई
जेल प्रबंधन का कहना है कि सुरक्षा जांच के बावजूद कुछ लोग चालाकी से मोबाइल छिपाकर अंदर ले जाने की कोशिश करते हैं। वायरल वीडियो के मामले में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जेल प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा जांच और निगरानी व्यवस्था को और सख्त करने की बात कही है।
अब देखना होगा कि जेल के अंदर वीडियो बनाने वाले लोगों तक पुलिस और जेल प्रशासन कैसे पहुंचता है और मोबाइल फोन जेल परिसर तक पहुंचने की वास्तविक वजह क्या सामने आती है।
