राजनीति

Smriti Irani Chhattisgarh Visit: नितिन नबीन के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले स्मृति ईरानी ने संभाली कमान, धरमजयगढ़ पहुंचकर परखी तैयारियां

15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पर जुटेंगे भाजपा के दिग्गज नेता, राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ आएंगे नितिन नबीन


रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा के बड़े राजनीतिक और संगठनात्मक आयोजन को लेकर हलचल तेज हो गई है। 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लेने भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी बुधवार को प्रदेश पहुंचीं। सुबह करीब 9 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे धरमजयगढ़ रवाना हुईं। यहां पहुंचकर उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा की।

भाजपा ने जनजातीय गौरव दिवस समारोह को भव्य बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में स्मृति ईरानी धरमजयगढ़ पहुंचीं। उन्होंने आयोजन स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और संगठन की तैयारियों को लेकर स्थानीय नेताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों से जानकारी ली।

प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगी। इसमें आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियों, व्यवस्थाओं और तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होगा जनजातीय गौरव दिवस

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस का प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य रूप से शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की भी कार्यक्रम में मौजूदगी प्रस्तावित है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ आएंगे नितिन नबीन

इस कार्यक्रम का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद नितिन नबीन पहली बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस पहले प्रदेश प्रवास को भाजपा के संगठनात्मक लिहाज से अहम माना जा रहा है। ऐसे में पार्टी प्रदेश नेतृत्व से लेकर जिला स्तर तक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। स्मृति ईरानी का धरमजयगढ़ दौरा भी इसी रणनीति का हिस्सा है। अब पार्टी की नजर 15 नवंबर के आयोजन पर है, जहां जनजातीय गौरव दिवस के मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व की एक साथ मौजूदगी देखने को मिलेगी।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp