SDM सस्पेंड: पिटाई से मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, गिरफ्तार SDM को राज्य सरकार ने किया निलंबित
बलरामपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक ग्रामीण की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए कुसमी SDM करुण डहरिया को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना रविवार रात की है, जब कुसमी SDM करुण डहरिया अपने कुछ निजी साथियों के साथ हंसपुर गांव (झारखंड सीमा के पास) पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने अवैध बॉक्साइट खनन के शक में तीन ग्रामीणों की बेरहमी से पिटाई की। मृतक की पहचान 62 वर्षीय आदिवासी ग्रामीण रामनरेश राम के रूप में हुई है। दो अन्य युवक भी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, SDM सरकारी गाड़ी की जगह एक निजी थार गाड़ी से पहुंचे थे और उनके साथ निजी बाउंसर/सहयोगी थे जिन्होंने डंडे और रॉड से ग्रामीणों को पीटा।
पुलिस की कार्रवाई और धाराएं
बलरामपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए SDM और उनके तीन साथियों (विक्की सिंह, मंजीत यादव और सुदीप यादव) के खिलाफ हत्या (BNS की धारा 103) और मारपीट की धाराओं के तहत FIR दर्ज की। सोमवार देर रात इन सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
सरकार का बड़ा एक्शन
जैसे ही यह मामला गरमाया और सर्व आदिवासी समाज ने प्रदर्शन शुरू किया, राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। SDM करुण डहरिया को पद से हटाकर निलंबित कर दिया गया है। पुलिसिया जांच के साथ-साथ अब उन पर विभागीय जांच भी चलेगी। मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।









