CG-कलेक्टर के निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई; गैस रिफिलिंग का गोरखधंधा पर शिकंजा, 54 सिलेंडर भी जब्त
बिलासपुर, 24 अप्रैल 2026। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर शुक्रवार सुबह सरकंडा के सीपत चौक में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण और रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी छापामार कार्रवाई की गई। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के मार्गदर्शन में एएफओ अजय मौर्य और विनीता दास की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक बड़े गोरखधंधे का खुलासा किया।
कार्रवाई के दौरान ‘महामाया गैस चूल्हा सुधारक एवं विक्रेता’ तथा गर्ल्स हॉस्टल संचालक लव निमेष जायसवाल के कब्जे से 19 नग 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर (भरे एवं आंशिक भरे) और 35 नग 5 किलोग्राम के घरेलू व व्यावसायिक सिलेंडर, कुल 54 सिलेंडर जब्त किए गए। मौके से 7 रिफिलिंग नोजल (बंशी), एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन सहित अन्य उपकरण भी बरामद हुए।

जांच में सामने आया कि बिना वैध अनुमति के गैस सिलेंडरों का भंडारण कर अवैध रूप से रिफिलिंग और बिक्री की जा रही थी, जिससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही थी और आमजन की जान-माल को खतरा बना हुआ था।
टीम ने सभी जब्त सामग्री को सुरक्षित करते हुए मौके से गुजर रही कोनी इंडेन की डिलीवरी वैन को रुकवाकर संबंधित एजेंसी को सुपुर्द कर दिया। इसी दौरान ‘विजय स्टील’ प्रतिष्ठान (मालिक सनटी अग्रवाल) से भी 2 घरेलू गैस सिलेंडर, 3 रिफिलिंग नोजल और एक तौल मशीन जब्त की गई।

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध गैस भंडारण और रिफिलिंग जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











