बिलासपुर E-Rickshaw चालकों पर यातायात पुलिस की सख्ती; बिना लाइसेंस, नाबालिग चालकों के खिलाफ विशेष अभियान, एक महीने में 500 से ज्यादा चालान

बिलासपुर, 17 जून 2026। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने E-Rickshaw चालकों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत बिना ड्रेस, बिना लाइसेंस, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, मनमाने ढंग से सवारी बैठाने-उतारने और सड़क पर अव्यवस्था फैलाने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस अधीक्षक राम गोपाल करियारे ने बताया कि कई E-Rickshaw चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे शहर में यातायात बाधित हो रहा है। इसी को देखते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर अब तक 100 से अधिक E-Rickshaw और अन्य वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई है, जबकि कई वाहनों को जब्त भी किया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी E-Rickshaw चालकों को निर्धारित ड्रेस पहनने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने और वाहन में पहचान पत्र प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अवैध पार्किंग, सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करने और ओवरचार्जिंग की शिकायतों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार पिछले एक महीने में 500 से अधिक चालान किए जा चुके हैं, लेकिन नियमों के उल्लंघन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी वजह से अभियान को और तेज किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं E-Rickshaw चालक संघ के अध्यक्ष संजय ने कहा कि जिन चालकों के पास लाइसेंस, ड्रेस और सभी आवश्यक दस्तावेज हैं, उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने बिना लाइसेंस और नाबालिग चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसे मामलों से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क पर नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है। शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








