CG-एसीबी की इन बैक-टू-बैक कार्रवाई; SDO 25 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, कुछ देर पहले एक लाख की घूस लेते बाबू हुआ था ट्रैप
अंबिकापुर, 17 जून 2026। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में एसीबी अंबिकापुर की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) विभाग के प्रभारी एसडीओ (SDO) को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने एक निर्माण कार्य के बिल भुगतान के एवज में यह रकम मांगी थी।
30 हजार की मांग, 25 हजार में तय हुआ था सौदा
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग में पदस्थ प्रभारी एसडीओ संजय कुमार दिवाकर ने एक ‘गेजबियन संरचना निर्माण कार्य’ के बकाया बिल का भुगतान करने के लिए ठेकेदार (शिकायतकर्ता) से 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने मामले की शिकायत सीधे एसीबी अंबिकापुर से कर दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने गोपनीय तरीके से मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद, आरोपी को पकड़ने के लिए एक सुनियोजित जाल बिछाया गया। इस बीच मोलभाव के बाद रिश्वत की रकम 25 हजार रुपये तय हुई।
केमिकल युक्त नोटों के साथ रंगे हाथों दबोचा
योजना के मुताबिक, जैसे ही शिकायतकर्ता रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 25 हजार रुपये लेकर प्रभारी SDO संजय कुमार दिवाकर के पास पहुंचा और अधिकारी ने रकम स्वीकार की, वैसे ही पहले से तैयार बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई और उसके हाथ धुलवाने पर रासायनिक रंग (Chemical) की पुष्टि भी हुई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी अधिकारी संजय कुमार दिवाकर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टीम अधिकारी के अन्य ठिकानों और मामले से जुड़े अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
धमतरी में भी 1 लाख की घूस लेते बाबू हुआ था ट्रैप
गौरतलब है कि प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से एसीबी की टीमें लगातार भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों पर नकेल कस रही हैं। आज ही में धमतरी जिले में भी एसीबी ने सिंचाई विभाग के एक बाबू लखेश्वर साहू को 1 लाख रुपये की भारी-भरकम रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। उक्त बाबू सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी और घूसखोरी कर रहा था। एसीबी की इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों से प्रदेश के शासकीय विभागों में हड़कंप मचा हुआ है।

