छत्तीसगढ़ के IPS ध्रुव गुप्ता का कद बढ़ा: केंद्र में IG रैंक पर इम्पैनल, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ध्रुव गुप्ता का कद राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ गया है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने उन्हें इंस्पेक्टर जनरल (IG) रैंक पर केंद्र में इम्पैनल कर दिया है। इस संबंध में मंत्रालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ कैडर के लिए यह निश्चित रूप से एक गर्व की बात है। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 2005 बैच के अधिकारी ध्रुव गुप्ता को केंद्र सरकार में आईजी (Inspector General) रैंक के लिए इम्पैनल किया जाना उनकी कार्यक्षमता और अनुभव पर केंद्र की मुहर है केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा जारी इस आदेश में देशभर के कुल 13 अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिनमें ध्रुव गुप्ता का नाम होना छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग की प्रशासनिक मजबूती को दर्शाता है।
वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ध्रुव गुप्ता अब केंद्र सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण संगठनों (जैसे IB, CBI, BSF, या CRPF) में आईजी स्तर के पदों पर अपनी सेवाएं देने के पात्र हो गए हैं। वह 2005 बैच के अधिकारी हैं और राज्य में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

कौन हैं IPS ध्रुव गुप्ता
ध्रुव गुप्ता छत्तीसगढ़ कैडर के 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से दिल्ली के निवासी हैं। उनका जन्म 2 मई 1980 को हुआ। उन्होंने अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की और संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए।
अपने सेवा करियर की शुरुआत उन्होंने अविभाजित बिलासपुर जिले में प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के रूप में की, जहां वे गौरेला थाना प्रभारी रहे। इसके बाद बिलासपुर सिविल लाइन में सीएसपी तथा महासमुंद जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया।
वे छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की सातवीं वाहिनी भिलाई में सेनानी के पद पर भी पदस्थ रहे। बाद में वे लंबे समय तक इंटेलिजेंस ब्यूरो में प्रतिनियुक्ति पर रहे। आईबी में सेवाकाल के दौरान राज्य सरकार ने उन्हें डीआईजी से आईजी पद पर प्रोफार्मा प्रमोशन प्रदान किया था।
मई 2025 से वे पुलिस मुख्यालय रायपुर में आईजी सीआईडी के पद पर कार्यरत हैं। साथ ही उन्हें CCTNS/एससीआरबी और तकनीकी सेवाओं का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। उनकी पहचान ईमानदार, प्रोफेशनल और तकनीकी दक्ष अधिकारी के रूप में की जाती है।









