CG Breaking News:आयुष्मान अस्पतालों पर शिकंजा- छत्तीसगढ़ में 100 से ज्यादा अस्पतालों की जांच, गड़बड़ी मिली तो पैनल से होंगे बाहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयुष्मान योजना के नाम पर चल रही अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग की टीमों ने प्रदेशभर में 100 से अधिक अस्पतालों का निरीक्षण और रिकॉर्ड की जांच की है। अब इन अस्पतालों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी है।
बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान योजना के तहत इलाज की प्रक्रिया, मरीजों से जुड़े दस्तावेज और योजना के निर्धारित प्रावधानों के पालन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने अलग-अलग जिलों में टीमों को भेजकर अस्पतालों की जांच कराई।
रिकॉर्ड से लेकर इलाज तक खंगाला
जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत किए जा रहे उपचार, मरीजों से संबंधित दस्तावेज और योजना के तहत अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की पड़ताल की। अस्पतालों में उपलब्ध रिकॉर्ड और योजना के प्रावधानों के पालन की भी जांच की गई।
अब निरीक्षण के बाद जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित अस्पतालों पर कार्रवाई तय की जाएगी।
गड़बड़ी मिली तो पैनल से बाहर हो सकते हैं अस्पताल
सूत्रों के मुताबिक, जांच में यदि किसी अस्पताल में आयुष्मान योजना के नियमों का उल्लंघन या गंभीर अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अस्पतालों को आयुष्मान योजना के पैनल से बाहर किया जा सकता है।
हालांकि, अभी किसी अस्पताल के खिलाफ अंतिम कार्रवाई का फैसला नहीं हुआ है। किन अस्पतालों पर कार्रवाई होगी और कार्रवाई की प्रकृति क्या होगी, यह जांच पूरी होने और रिपोर्ट के परीक्षण के बाद तय किया जाएगा।
100 से ज्यादा अस्पताल रडार पर
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन में निगरानी मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रदेशभर में 100 से ज्यादा अस्पतालों के निरीक्षण के बाद अब विभाग की रिपोर्ट पर नजर है। रिपोर्ट सामने आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि जांच में कितने अस्पतालों में अनियमितताएं मिलीं और कितनों पर कार्रवाई की जाती है।
