अजय सिंह बने रहेंगे राज्य निर्वाचन आयुक्त, शासन ने बढ़ाई सेवा अवधि; सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश

रायपुर, 11 जून 2026। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस, 1983 बैच) की सेवा अवधि में वृद्धि कर दी है। इस संबंध में विभाग द्वारा 11 जून 2026 को आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार, भारत के संविधान के अनुच्छेद 243-क के खंड (2) तथा छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त (सेवा शर्तें) नियम, 2002 के नियम 5 के द्वितीय परंतुक के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए यह निर्णय लिया गया है।
अजय सिंह को 1 जून 2024 की अधिसूचना के माध्यम से छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग में राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए उनकी सेवा अवधि फरवरी 2027 तक अथवा राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नियमित पदस्थापना होने तक, जो भी पहले हो, के लिए बढ़ाई गई है।

शासन के इस निर्णय को आगामी स्थानीय निकाय और अन्य निर्वाचन संबंधी तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे निर्वाचन आयोग के कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी और चुनावी व्यवस्थाओं के संचालन में प्रशासनिक अनुभव का लाभ मिलेगा।
