GST के सहायक आयुक्त पर ACB की रेड : अंचला गिरी 1.50 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, मध्यस्थ इमरान मेमन भी पकड़ाया
GST की रकम कम कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप, कारोबारी की शिकायत पर ACB ने की कार्रवाई; रकम घर पर छोड़कर बाहर निकलते ही पहुंची टीम, जांच जारी।

कांकेर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बार फिर कार्रवाई की है। कांकेर में GST विभाग की एक महिला अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत पर ACB की टीम ने उनके घर दबिश दी। अधिकारी पर एक कारोबारी से GST की रकम कम कराने के बदले 1.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। कारोबारी की शिकायत के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। इस घटनाक्रम के बाद विभाग में हलचल मच गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर में पदस्थ GST अधिकारी पर एक कारोबारी से GST की राशि कम कराने के एवज में डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप है। कारोबारी कथित रिश्वत की मांग से परेशान था। उसने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने आरोपों का सत्यापन किया और कार्रवाई की रणनीति तैयार की। इसके बाद टीम ने संबंधित अधिकारी के घर पर निगरानी रखी।

कारोबारी के निकलते ही ACB की दबिश
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कारोबारी अधिकारी के घर पर कथित तौर पर रिश्वत की रकम छोड़कर बाहर निकला। इसके तुरंत बाद ACB की टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के संदेह में अंचला गिरी के निवास पर तलाशी शुरू की। इस दौरान संपत्ति और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एसीबी ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।