‘हट जाओ, नहीं तो गाड़ी चढ़ा दूंगा’… रायपुर में शराबी चालक ने TI पर चढ़ा दी गाड़ी, निरीक्षक घायल
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान हुई घटना, स्टॉपर को टक्कर मारकर भागने की कोशिश; घायल निरीक्षक का अस्पताल में कराया गया उपचार, आरोपी आशीष देवांगन के खिलाफ FIR दर्ज।

रायपुर। राजधानी रायपुर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही ट्रैफिक पुलिस की टीम को एक चालक ने खुलेआम चुनौती दे दी। पुलिस ने जब टाटा एस वाहन को रोकने का इशारा किया तो चालक ने रुकने के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उसने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा- ‘हट जाओ, नहीं तो गाड़ी चढ़ा दूंगा।’ इसके बाद स्टॉपर को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की और यातायात निरीक्षक नवल किशोर कश्यप को वाहन से टक्कर मार दी। घटना में निरीक्षक घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस से भिड़ गया चालक
पुलिस के मुताबिक, घटना 16 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान यातायात थाना नया बस स्टैंड भाठागांव के निरीक्षक नवल किशोर कश्यप अपनी टीम के साथ कुशालपुर चौक से भाठागांव की ओर आने वाली सर्विस रोड पर वाहनों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान टाटा एस वाहन क्रमांक CG 04 QC 0865 वहां पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने चालक को वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन उसने नियमों का पालन करने के बजाय पुलिस टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
‘हट जाओ, नहीं तो गाड़ी चढ़ा दूंगा’
आरोप है कि वाहन चालक आशीष देवांगन ने पुलिसकर्मियों को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने वाहन से स्टॉपर को टक्कर मारी और तेजी से आगे बढ़ने लगा। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी कि रास्ते से हट जाओ, नहीं तो गाड़ी चढ़ा देगा।
चालक की इस हरकत को देखते हुए निरीक्षक नवल किशोर कश्यप ने वाहन रोकने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी ने वाहन को लहराते हुए आगे बढ़ाया और निरीक्षक को टक्कर मार दी। इसके बाद वह मौके से भागने लगा।
बाएं टखने, घुटने और पीठ में आई चोट
वाहन की टक्कर से निरीक्षक कश्यप के बाएं टखने, घुटने, जांघ और पीठ में चोटें आईं। घायल निरीक्षक को उपचार के लिए भाठागांव स्थित दीवान मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पुलिस ने वाहन चालक की पहचान जुटाई। आरोपी की पहचान आशीष देवांगन के रूप में हुई, जो पुराना चंगोराभाठा में महादेव तालाब के पास का निवासी बताया गया है।
आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
निरीक्षक नवल किशोर कश्यप की शिकायत पर पुरानी बस्ती पुलिस ने आरोपी आशीष देवांगन के खिलाफ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, चोट पहुंचाने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
