आबकारी विभाग में बड़ा एक्शन! ACB केस में इंस्पेक्टर सस्पेंड, दो अफसरों को नोटिस – शराब कारोबार में गड़बड़ी पर कसा शिकंजा

रायपुर, 20 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग ने अनियमितता और नियमों की अनदेखी के मामलों में तीन आबकारी उप निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की है। एक अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है, जबकि दो अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा गया है।
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक संतोष कुमार नारंग के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) में मामला दर्ज होने के बाद विभाग ने सख्त कदम उठाया है। आबकारी आयुक्त के आदेश के बाद नारंग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई के बाद आबकारी महकमे में हड़कंप की स्थिति है।
ज्यादा शराब बिक्री के मामले में अधिकारी को नोटिस
बालोद के तत्कालीन डीईओ कार्यालय में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक आशाराम शाक्य के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। ग्राम अरकार में जब्त शराब की पेटियों की जांच के दौरान बोतलों पर लगे होलोग्राम की जांच की गई। जांच में निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में शराब बिक्री किए जाने की बात सामने आई। मामले में शाक्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है।
ओवररेट में शराब बेचने की शिकायत पर दूसरा नोटिस
इसी तरह तत्कालीन आबकारी उप निरीक्षक, जिला बलौदाबाजार पी. माधव राव के खिलाफ भी विभाग ने नोटिस जारी किया है। उन पर देशी कंपोजिट रोहासी की विदेशी शराब दुकान में निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर शराब बेचने की शिकायत के संबंध में जवाब मांगा गया है।
जवाब के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
आबकारी विभाग ने दोनों अधिकारियों को अपना पक्ष रखने के लिए सात दिन का समय दिया है। उनके जवाब और विभागीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
एक अधिकारी का निलंबन और दो के खिलाफ नोटिस से आबकारी विभाग ने साफ संकेत दे दिया है कि शराब कारोबार में नियमों की अनदेखी, ओवररेटिंग या किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता पर विभाग अब सख्त कार्रवाई के मूड में है।
