रायपुर नगर निगम का बकायादारों पर शिकंजा; वाजपेयी, अग्रवाल, बरलोटा, शाह, कुकरेजा सहित कई की संपत्तियां सील; कार्रवाई शुरू होते ही लाखों का टैक्स जमा


रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम ने बकाया राजस्व की वसूली के लिए सभी जोनों में अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और जोन कमिश्नरों की निगरानी में सहायक राजस्व अधिकारियों की टीमें लगातार बकायादारों से वसूली कर रही हैं। लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने वालों की संपत्तियों को सीलबंद करने के साथ नल कनेक्शन विच्छेद करने जैसी कार्रवाई भी की जा रही है।

खास बात यह रही कि कई मामलों में संपत्ति सील करने की कार्रवाई शुरू होते ही बकायादारों ने मौके पर ही पूरी या आंशिक बकाया राशि जमा कर दी।

जोन-6 में कार्रवाई, मौके पर जमा हुई राशि

जोन-6 के राजस्व विभाग ने वार्ड-65 में अभियान चलाकर बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की। सीलिंग की कार्रवाई के दौरान दो बकायादारों ने क्रमशः 55,404 रुपये और 39,410 रुपये की पूरी बकाया राशि मौके पर जमा कर दी।

जोन-7 में लाखों की बकाया राशि पर संपत्तियां सील

जोन-7 के पंडित ईश्वरी चरण शुक्ल वार्ड क्रमांक-22 में संगीता शाह, विशाल शाह और विशेष शाह पर वर्ष 2024-25 से 1,24,245 रुपये बकाया होने पर संबंधित संपत्ति सीलबंद कर दी गई। इसी वार्ड में सुनील शाह पर 55,292 रुपये का बकाया होने पर संपत्ति सील की गई।

वहीं पाल गुड्स ट्रांसपोर्ट, आमानाका के बकायादार ने सीलिंग कार्रवाई शुरू होते ही 1,23,011 रुपये की पूरी राशि मौके पर जमा कर दी।

सरिता वाजपेयी और अनिता कुकरेजा की संपत्ति सील

जोन-10 के विद्याचरण शुक्ल वार्ड क्रमांक-50 में सरिता वाजपेयी पर 3,20,316 रुपये और अनिता कुकरेजा पर 44,196 रुपये का बकाया था। राशि जमा नहीं करने पर दोनों की संबंधित संपत्तियों को सीलबंद कर दिया गया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

जोन-8 में भी ताबड़तोड़ वसूली

जोन-8 के वार्ड क्रमांक-2 में बजरंग लाल अग्रवाल और अनिता अग्रवाल ने सीलिंग कार्रवाई के दौरान 1,31,822 रुपये का भुगतान कर दिया। वहीं तापसी डे और गोपाल प्रसाद डे के मामले में 52,934 रुपये के बकाये में से 30,198 रुपये का आंशिक भुगतान किया गया।

वार्ड-20 में शुभम के मार्ट परिसर का पुनर्मूल्यांकन करने के बाद उपयोगकर्ता शुल्क में नियमानुसार 2.04 लाख रुपये की वृद्धि की गई। वार्ड-70 में अरिहंत उद्योग के परिसर के पुनर्मूल्यांकन के बाद 4,03,872 रुपये उपयोगकर्ता शुल्क बढ़ाया गया।

वार्ड-69 में कृष्णकांत रामावतार तिवारी की संपत्ति पर सीलिंग कार्रवाई के दौरान उन्होंने 3,55,316 रुपये की पूरी बकाया राशि आरटीजीएस के माध्यम से तत्काल जमा कर दी।

नल कनेक्शन काटा तो जमा कर दिए 3.38 लाख

जोन-9 की टीम ने बकाया राशि जमा नहीं करने पर एक बकायादार का बल्क नल कनेक्शन विच्छेद कर दिया। कार्रवाई के बाद बकायादार ने मौके पर ही 3,38,608 रुपये की पूरी बकाया राशि जमा कर दी।

इसके अलावा 6,18,000 रुपये के बड़े बकायादार अमरपाल सिंह की संबंधित संपत्ति पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।

रामदेव मार्केट समेत कई संपत्तियों पर कार्रवाई

जोन-4 के स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड क्रमांक-44 स्थित रामदेव मार्केट में प्रमोद कुमार राव ने सीलिंग कार्रवाई के दौरान 1,88,180 रुपये की पूरी बकाया राशि तत्काल जमा कर दी।

इसी वार्ड में पद्मादेवी एवं अन्य पर वर्ष 2021 से 5,28,176 रुपये बकाया होने पर संबंधित संपत्ति सीलबंद की गई। वार्ड क्रमांक-44 में ही वर्ष 2019-20 से 5,04,762 रुपये का बकाया जमा नहीं करने वाले एक अन्य बकायादार के खिलाफ भी सीलिंग कार्रवाई की गई।

11.82 लाख के बड़े बकायादार की संपत्ति सील

जोन-7 के स्वामी आत्मानंद वार्ड क्रमांक-38 स्थित चौबे कॉलोनी में वर्ष 2020-21 से 11,82,544 रुपये के बड़े बकायादार भिलाई स्टील एंड रिसर्च सेंटर की संबंधित संपत्ति को भी बकाया राशि जमा नहीं करने पर सीलबंद किया गया।

वहीं जोन-4 के वार्ड क्रमांक-44 में वर्ष 2020-21 से 2026-27 तक 69,158 रुपये का बकाया जमा नहीं करने पर शांति लाल बरलोटा की संपत्ति सीलबंद की गई।

जोन-5 की कार्रवाई के दौरान भी एक बड़े बकायादार की संपत्ति सीलबंद की गई। इसके बाद बकायादार ने तत्काल 6,14,909 रुपये की पूरी बकाया राशि मौके पर जमा कर दी।

सभी जोनों में जारी रहेगा अभियान

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार राजस्व वसूली का अभियान सभी जोनों में लगातार जारी रहेगा। लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बकायादारों के खिलाफ नियमानुसार संपत्ति सील करने, नल कनेक्शन विच्छेद करने और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निगम ने बकायादारों से अपील की है कि वे कार्रवाई से बचने के लिए अपना बकाया राजस्व समय पर जमा करें।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp