कलयुगी जीजा की हैवानियत: साली से दुष्कर्म के बाद सोशल मीडिया पर वायरल की अश्लील तस्वीरें, पहुंचा सलाखों के पीछे

राजनांदगांव/छुरिया: रिश्तों को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक जीजा ने अपनी ही नाबालिग साली के साथ न सिर्फ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि उसके अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। छुरिया पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्परता दिखाई और शिकायत के महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पिता ने 1 जुलाई 2026 को छुरिया थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनके दामाद तुषार त्यागी ने पिछले साल 22 अप्रैल 2025 की शाम करीब 5 बजे घर के अंदर घुसकर उनकी नाबालिग पुत्री (साली) के साथ जबरन दुष्कर्म किया था। वारदात के बाद आरोपी ने किसी को बताने पर नाबालिग को जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसके डर से पीड़िता खामोश रही।
आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। इसके बाद चालू वर्ष में 28 फरवरी 2026 को आरोपी तुषार त्यागी नाबालिग को परिजनों की बिना अनुमति के बस में बिठाकर अपने साथ दिल्ली ले गया। वहां 1 मार्च से 30 मार्च 2026 के बीच आरोपी ने पीड़िता को बंधक बनाकर रखा और उसके साथ 7 से 8 बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
सोशल मीडिया पर वायरल किया अश्लील वीडियो
हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़िता की मर्जी के खिलाफ उसके अश्लील फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। बाद में उसने इन संवेदनशील तस्वीरों और वीडियो को यूट्यूब, फेसबुक, वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता के परिजनों को इस पूरी हैवानियत का पता चला।
चंद घंटों में छुरिया पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
परिजनों की लिखित शिकायत पर छुरिया पुलिस ने तत्काल विभिन्न गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी तुषार त्यागी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस कस्टडी में कबूला गुनाह:
पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर आरोपी तुषार त्यागी ने अपनी छोटी नाबालिग साली के साथ उक्त सभी अपराध घटित करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


