छत्तीसगढ़ में PM आवास योजना शहरी 2.0 के क्रियान्वयन की केंद्र ने की सराहना; PS सोनमणि बोरा ने केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव सत्येन्द्र सिंह से नई दिल्ली में की मुलाकात


नई दिल्ली/रायपुर, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन की केंद्र सरकार ने सराहना की है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने नई दिल्ली में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव सत्येन्द्र सिंह से मुलाकात कर प्रदेश के नगरीय निकायों में केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0, अरबन चैलेंज फंड, मिशन अमृत 2.0 और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 सहित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। PMAY-U 2.0 की प्रगति की जानकारी मिलने पर केंद्रीय सचिव ने छत्तीसगढ़ में इसके प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की।

अमृत मिशन के लिए मिले 100 करोड़ रुपये

प्रमुख सचिव बोरा ने मिशन अमृत 2.0 के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि अगले डेढ़ वर्षों में स्वीकृत कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए केंद्र से प्राप्त 100 करोड़ रुपये के पूर्ण व्यय की जानकारी देते हुए अग्रिम किस्त जारी करने का अनुरोध किया।

केंद्र सरकार ने इस अनुरोध पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 100 करोड़ रुपये की राशि छत्तीसगढ़ को जारी कर दी।

बोरा ने उन नगरीय निकायों में भी मिशन अमृत लागू करने का आग्रह किया, जहां अभी तक कार्ययोजना स्वीकृत नहीं हुई है। साथ ही इन निकायों के लिए अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

अरबन चैलेंज फंड के तहत 1500 करोड़ के प्रावधान

बैठक में अरबन चैलेंज फंड को लेकर भी चर्चा हुई। बोरा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के लिए केंद्र के 6000 करोड़ रुपये के आवंटन में से 1500 करोड़ रुपये की राशि आवंटन के लिए प्रावधानित की गई है।

इसके तहत रायपुर में गंज मंडी, टर्शरी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, नवीन मार्केट रिडेवलपमेंट और पुरानी म्यूनिसिपल बिल्डिंग के पुनर्विकास सहित भिलाई-दुर्ग क्लस्टर में हाइब्रिड मॉडल पर वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट के प्रस्ताव चिन्हित किए गए हैं। इन परियोजनाओं के लिए HUDCO से वित्तीय सहायता और क्षमता विकास को लेकर राज्य स्तर पर कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।

स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति पर भी चर्चा

प्रमुख सचिव बोरा ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की घटकवार प्रगति से भी केंद्रीय सचिव को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मिशन की अवधि समाप्त होने में कम समय को देखते हुए सभी प्रगतिरत कार्यों को विशेष कार्ययोजना के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

बैठक में छत्तीसगढ़ के छोटे आकार और कम जनसंख्या घनत्व वाले नगरीय निकायों में योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान आने वाली जमीनी दिक्कतों की ओर भी केंद्रीय सचिव का ध्यान आकर्षित किया गया। इस पर केंद्रीय सचिव सत्येन्द्र सिंह ने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल भी मौजूद रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp