जेपी नड्डा की अचानक बिगड़ी तबीयत, दिल्ली AIIMS में भर्ती; कोरोनरी एंजियोग्राफी के बाद हालत स्थिर

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा की गुरुवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया। बेचैनी महसूस होने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की।
AIIMS की ओर से शुक्रवार, 14 अगस्त को जारी स्वास्थ्य अपडेट में बताया गया कि जेपी नड्डा को 13 अगस्त की शाम असहजता महसूस होने के बाद अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने उनकी कई चिकित्सकीय जांच की, जिसमें कोरोनरी एंजियोग्राफी भी शामिल थी।
जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को फिलहाल स्थिर बताया है। नड्डा को AIIMS के कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी के लिए भर्ती रखा गया है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
डॉक्टरों की निगरानी में नड्डा
अस्पताल के मुताबिक, जेपी नड्डा की स्थिति स्थिर है, लेकिन उन्हें अभी अस्पताल में ही रखा गया है। डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। पूर्ण चिकित्सकीय आकलन और स्वास्थ्य में संतोषजनक सुधार के बाद ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की संभावना है।
जेपी नड्डा के AIIMS में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों और उनके समर्थकों में चिंता बढ़ गई। हालांकि, AIIMS के आधिकारिक स्वास्थ्य अपडेट में उनकी हालत स्थिर बताई गई है, जिससे फिलहाल राहत की खबर है।
