CM साय ने ग्रामीण मेधावी छात्रों से कहा- बड़े सपने देखिए, मेहनत से उन्हें साकार कीजिए; बोले- सफलता सिर्फ डॉक्टर-इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर राजधानी पहुंचे मेधावी छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए अनुशासन, लगन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

बुधवार शाम मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अंबिकापुर क्षेत्र के सात शासकीय विद्यालयों के करीब 50 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान सीएम साय ने बच्चों की रुचियों, अनुभवों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली और उनका उत्साह बढ़ाया।

‘हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर’

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान देखा गया सपना और उसे पूरा करने के लिए किया गया परिश्रम जीवन की दिशा तय करता है।

उन्होंने कहा कि सफलता का मतलब केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनना नहीं है। आज शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता समेत हर क्षेत्र में युवाओं के लिए बड़े अवसर मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और रुचि पहचानकर सही लक्ष्य चुनने तथा उसे हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से मेहनत करने का आह्वान किया।

ग्रामीण बच्चों को मिले बड़े संस्थानों को देखने का मौका

सीएम साय ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आयोजित शैक्षणिक भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे भ्रमण बच्चों के भीतर नई जिज्ञासा पैदा करने के साथ उनके सपनों को नया विस्तार देते हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

IIM और ट्रिपल आईटी समेत कई संस्थानों का किया भ्रमण

शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला और करजी तथा शासकीय सेजेस केशवपुर के विद्यार्थी शामिल हुए।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय समेत विभिन्न प्रमुख संस्थानों और स्थलों का अवलोकन किया।

विद्यार्थियों ने इन संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी हासिल की।

तोखन साहू ने भी दिया सफलता का मंत्र

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन पूरे जीवन की नींव होता है। उन्होंने बच्चों से अनुशासन, परिश्रम और समय का सदुपयोग करने तथा लक्ष्य पहचानकर ज्ञान अर्जित करने और व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp