देश - विदेश

‘हिम्मत है तो संसद में चर्चा करिए’, अमित शाह का राहुल गांधी को सीधा चैलेंज- कहा- हम स्पेशल सेशन बुलाने को तैयार


रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का मंगलवार को समापन हो गया। समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को संसद में खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि संविधान की किताब हाथ में लेकर घूमने से कुछ नहीं होता, उसका सम्मान करना भी जरूरी है।

अमित शाह ने कहा, “राहुल गांधी जी, संसद सत्र चलने दीजिए। वहां चर्चा होगी। अगर हिम्मत है तो देश की जनता के सामने बहस करके दिखाइए।” उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। विपक्ष संसद चलने दे, ताकि देश की जनता खुद तय कर सके कि सच कौन बोल रहा है और झूठ कौन।

राहुल गांधी पर नकली संसद को लेकर निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री ने राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही और लोकतांत्रिक संस्थाओं का मखौल उड़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हाल ही में नकली संसद बनाकर संसद का भी मजाक उड़ाया है।

अमित शाह ने नक्सलवाद का मुद्दा उठाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की जनताना सरकार चलती थी। वहां नक्सलियों के अपने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री होते थे। यह व्यवस्था आम लोगों को फांसी देने और गैर-संवैधानिक गतिविधियों में शामिल थी। इसके बावजूद राहुल गांधी संसद में ऐसे लोगों का समर्थन करते थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विशेष सत्र बुलाकर एसआईआर जैसे मुद्दों पर भी चर्चा करने के लिए तैयार है।

साय सरकार के कामकाज को सराहा

अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि कम समय में ही सरकार ने जनता से किए गए वादों में 70 प्रतिशत से अधिक गारंटियां पूरी कर दी हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

उन्होंने कहा कि राज्य में नक्सलवाद का खात्मा होने के साथ विकास और पर्यटन की नई संभावनाएं खुल रही हैं। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ पर्यटन के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनेगा।

गृह मंत्री ने कहा कि अगले दस वर्षों में छत्तीसगढ़ की धरती भी समृद्ध होगी और यहां के लोग भी समृद्ध होंगे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को भय से भरोसे और संकल्प से समृद्धि की ओर ले जाएगी।

विकसित भारत संकल्प पार्क का किया लोकार्पण

राज्योत्सव के समापन कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

केंद्रीय गृह मंत्री ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाया और पार्क का भ्रमण भी किया।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp