हेलमेट नहीं है तो चिंता नहीं! CM साय ने जशपुर में शुरू कराया 1000 हेलमेट का बैंक, जरूरतमंदों को मिलेगी सुविधा

Jashpur News: सड़क सुरक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस ने एक अनोखी पहल शुरू की है। अब अगर कोई दोपहिया वाहन चालक किसी जरूरी काम से घर से निकला है और उसके पास हेलमेट नहीं है, तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं। जशपुर पुलिस ऐसे लोगों को अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस लाइन में इस हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इसमें शुरुआत में 1000 हेलमेट रखे गए हैं।
जशपुर पुलिस की इस पहल के तहत ऐसे नागरिकों को अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा, जिन्हें अचानक दोपहिया वाहन से कहीं जाना पड़ जाए और उनके पास हेलमेट उपलब्ध न हो। इसके अलावा तत्काल हेलमेट खरीदने में असमर्थ लोगों को भी इससे सुविधा मिलेगी।
नागरिक अपना जरूरी काम पूरा करने के बाद स्वयं का हेलमेट लेकर लौटेंगे और पुलिस से लिया गया हेलमेट बैंक में वापस जमा करेंगे। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे से सेवा कार्य में पुलिस का सहयोग भी करना होगा।

CM साय बोले- सड़क सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन महज कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि खुद और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन में सफर के दौरान सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें।
एक छोटी सी लापरवाही परिवार को पहुंचा सकती है बड़ा नुकसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अनेक लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित इस्तेमाल गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को कम करने में मदद करता है। एक छोटी सी सावधानी न केवल व्यक्ति की जान बचा सकती है, बल्कि उसके परिवार को भी बड़ी क्षति से बचा सकती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि हेलमेट बैंक जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बिना हेलमेट पकड़े जाने पर वाहन जब्त, हेलमेट खरीदने पर मिलेगी छूट
जशपुर पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान भी शुरू किया है। इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाते पकड़े जाने पर वाहन जब्त किया जा रहा है। पुलिस की व्यवस्था के मुताबिक, नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ा जा रहा है।
इस व्यवस्था का मकसद केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को नियमित रूप से हेलमेट पहनने की आदत डालना है।

‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’
जशपुर पुलिस ने जिले में दोपहिया वाहन से सफर करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया है। ‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल पुलिस और आम नागरिकों की भागीदारी से सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की कोशिश है।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
