महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन शुरू, 2 अगस्त से घर-घर भरवाए जाएंगे शिकायत फॉर्म


बिलासपुर, 1 अगस्त। छत्तीसगढ़ में महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। आंदोलन के तहत 2 अगस्त से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनेंगे और उनसे शिकायत फॉर्म भरवाएंगे।

इस संबंध में शुक्रवार को तिलक नगर स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने भाजपा सरकार पर जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर प्रदेशभर में आंदोलन चलाया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद मनमानी बिलिंग, पारदर्शिता की कमी और उपभोक्ताओं के आर्थिक शोषण की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी तत्काल वापस ली जाए।

स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद कर इसे वापस लिया जाए।

400 यूनिट हाफ बिजली बिल योजना दोबारा लागू की जाए।


पत्रकार वार्ता में सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार 400 यूनिट तक मिलने वाली बिजली बिल राहत भी नहीं दे रही है। साथ ही बिजली की रीडिंग हर महीने तय तारीख पर नहीं होने से कई उपभोक्ताओं की खपत अधिक दिख रही है, जिससे वे छूट के स्लैब से बाहर हो जाते हैं और उन्हें अधिक बिल चुकाना पड़ रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु जैसे राज्यों में स्मार्ट मीटर को लेकर सरकारों ने अलग रुख अपनाया है। यदि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य नहीं है, तो छत्तीसगढ़ में इसे अनिवार्य बताकर क्यों लगाया जा रहा है।

महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि सरकार ने बिना व्यापक जनसुनवाई के स्मार्ट मीटर लागू कर दिए। ग्रामीण और गरीब परिवारों के पास एंड्रॉयड मोबाइल नहीं होने से उन्हें ऑनलाइन बिजली बिल देखने में भी परेशानी हो रही है। कांग्रेस ऐसे उपभोक्ताओं के साथ खड़ी रहेगी।

कांग्रेस ने शिकायतों के लिए एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है। पार्टी का दावा है कि शिकायत मिलने पर कार्यकर्ता संबंधित उपभोक्ता के घर पहुंचकर उनकी समस्या सुनेंगे और शिकायत फॉर्म भरवाकर आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।

पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक शैलेश पांडे, विजय केसरवानी, विजय पांडे सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp