सुशासन और विकास के पथ पर अग्रसर छत्तीसगढ़: आरंग को मिली 128 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री ने की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं


– समोदा में लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में कई बड़ी घोषणाएं; रीवा में 4 करोड़ का स्टॉप डैम, तुलसी हाई स्कूल होगा हायर सेकेंडरी

रायपुर, 9 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को रायपुर जिले की आरंग विधानसभा के नगर पंचायत समोदा में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं और कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण ही राज्य सरकार की पहचान है।

मुख्यमंत्री ने ग्राम रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नत करने की घोषणा की।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी, यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी” केवल नारा नहीं, बल्कि सरकार की कार्यशैली और जनता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 10 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 28 किस्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के लिए सरकार लगातार काम कर रही है तथा भ्रष्टाचार और अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों के लिए खाद, बीज और कृषि आदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वहीं सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है।

उन्होंने नागरिकों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ा दी गई है। पात्र उपभोक्ता ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप अथवा वेबसाइट पर सितंबर तक पंजीयन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।

कार्यक्रम में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है। उन्होंने इसे प्रदेश में विकास और सुशासन की नई दिशा बताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आंवला का पौधा लगाया। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा जिला प्रशासन के मिशन उत्कर्ष के तहत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp