CGPSC ने SI भर्ती परीक्षा परिणाम पर फैलाई जा रही अफवाहों का किया खंडन, सोशल मीडिया पर भ्रामक दावों से सावधान रहने की अपील
आयोग बोला- रिजल्ट में वही नाम प्रकाशित किए गए हैं, जो अभ्यर्थियों ने आवेदन में स्वयं दर्ज किए थे

रायपुर, 7 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप-निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक परीक्षा परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक और तथ्यहीन जानकारियों का सख्ती से खंडन किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम में प्रदर्शित सभी नाम अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज किए गए विवरण के आधार पर ही प्रकाशित किए गए हैं।
आयोग के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर कुछ अभ्यर्थियों के नामों का मजाक उड़ाते हुए वीडियो और रील्स साझा की जा रही हैं। साथ ही परीक्षा की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
CGPSC ने स्पष्ट किया कि परिणाम में वही नाम प्रकाशित किए गए हैं, जिन्हें अभ्यर्थियों ने स्वयं अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज कर अंतिम रूप से सबमिट किया था। इन्हीं नामों के आधार पर दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PST) और प्रारंभिक लिखित परीक्षा की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।
आयोग ने यह भी बताया कि अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (Admit Card) में भी यही नाम अंकित थे और दस्तावेजों का सत्यापन भी इन्हीं नामों के आधार पर किया गया था। इसलिए परिणाम में प्रकाशित नामों को लेकर फैलाए जा रहे दावे पूरी तरह निराधार हैं।
CGPSC के अवर सचिव ने अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी असत्य, भ्रामक या तथ्यहीन जानकारी पर विश्वास न करें। परीक्षा से संबंधित किसी भी आधिकारिक सूचना के लिए केवल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें।
