शिक्षक की पिटाई से तीसरी के छात्र के 3 दांत टूटे, जबड़ा भी गंभीर रूप से घायल; रायपुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल में छात्र से मारपीट का गंभीर मामला

रायपुर, 7 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के भनपुरी स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल में तीसरी कक्षा के एक छात्र के साथ कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक की पिटाई से बच्चे के तीन दांत टूट गए और जबड़े में गंभीर चोट आई है। घायल छात्र का अस्पताल में उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार, तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले विकाश निषाद के साथ शिक्षक ने कथित रूप से मारपीट की, जिससे उसके मुंह में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पाइप के जरिए दिया जा रहा दूध
परिजनों का कहना है कि जबड़े में गंभीर चोट होने के कारण बच्चा न तो ठीक से बोल पा रहा है और न ही सामान्य रूप से खाना खा पा रहा है। उसकी स्थिति को देखते हुए फिलहाल उसे पाइप के माध्यम से दूध दिया जा रहा है।
CM हेल्पलाइन में शिकायत
घटना से नाराज परिजनों ने मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजन दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
