बिलासपुर में निगम का बुलडोजर एक्शन: अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पुलिस की मौजूदगी में निगम ने तोड़ा अवैध हिस्सा, जमकर हंगामा
नोटिस के बाद भी नहीं माना भवन मालिक, निगम ने अवैध हिस्से पर चलाया बुलडोजर; शहरभर में अवैध निर्माणकर्ताओं को सख्त चेतावनी

बिलासपुर। नगर पालिक निगम बिलासपुर ने अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। निगम आयुक्त के निर्देश पर भवन शाखा की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्वीकृत नक्शे के विपरीत बनाए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाकर अवैध हिस्से को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जबकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिविल लाइन थाना पुलिस तैनात रही।
नगर निगम के अनुसार संबंधित भवन स्वामी अनुप सिंह ठाकुर को पहले ही नोटिस जारी कर स्पष्ट किया गया था कि उनके द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण किया गया है। नोटिस में तीन दिनों के भीतर निर्माण को नियमानुसार संशोधित कर इसकी सूचना निगम को देने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही चेतावनी भी दी गई थी कि आदेश का पालन नहीं होने पर निगम अधिनियम के तहत सीधे कार्रवाई की जाएगी और कार्रवाई का पूरा खर्च भी संबंधित पक्ष से वसूला जाएगा।
निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद निर्माण में कोई सुधार नहीं किया गया। इसके बाद शुक्रवार को निगम की टीम जेसीबी और आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में अनुमति के विपरीत बने हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। अधिकारियों की निगरानी में बुलडोजर ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में बिना अनुमति किए गए निर्माण, स्वीकृत नक्शे से हटकर बनाए गए भवन और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। निगम ने लोगों से भवन निर्माण से पहले आवश्यक अनुमति लेने और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण करने की अपील की है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
