गिरजावन हनुमान मंदिर में रहस्यमयी मौत: सुबह पूजा करते दिखे बुजुर्ग, कुछ देर बाद यज्ञ स्थल के पास मिला शव
एक महीने से मंदिर परिसर में रह रहे थे 70 वर्षीय चमरा राम सिदार, अमरकंटक दर्शन से लौटने के अगले दिन हुई मौत; पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

बिलासपुर/रतनपुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध गिरजावन हनुमान मंदिर परिसर में शुक्रवार को एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। सुबह तक मंदिर में पूजा-अर्चना करते नजर आए 70 वर्षीय श्रद्धालु का कुछ ही देर बाद यज्ञ स्थल के पास शव मिलने से मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान ग्राम चोरभट्ठी गनियारी निवासी 70 वर्षीय चमरा राम सिदार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे पिछले करीब एक महीने से गिरजावन हनुमान मंदिर परिसर में रहकर नियमित पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियों में शामिल हो रहे थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को चमरा राम मंदिर के सहायकों के साथ अमरकंटक दर्शन के लिए गए थे। देर रात सभी लोग वापस मंदिर लौट आए। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तक वे सामान्य रूप से मंदिर परिसर में पूजा करते हुए दिखाई दिए। लेकिन कुछ ही देर बाद यज्ञ स्थल के पास उनके अचेत पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची रतनपुर पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों तथा मंदिर के सहायकों से पूछताछ शुरू की।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
