CG Smart Meter Protest: स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का घर-घर अभियान, शिकायतें जुटाकर सरकार को सौंपेगी ज्ञापन

बिलासपुर। प्रदेश में स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों के मुद्दे पर कांग्रेस ने अपना विरोध तेज कर दिया है। बिलासपुर ग्रामीण कांग्रेस ने तिलक नगर स्थित कांग्रेस भवन में बैठक कर स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनसंपर्क अभियान शुरू करने का निर्णय लिया। बैठक में मंडल स्तर के पदाधिकारियों को घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने, उनकी शिकायतें दर्ज करने और स्मार्ट मीटर हटाने के समर्थन में फॉर्म भरवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों का सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है।
जनता के बीच जाएगी कांग्रेस
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बिजली बिल को लेकर प्रदेशभर में लोगों की नाराजगी बढ़ रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे, शिकायतें दर्ज करेंगे और सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस इस मुद्दे पर व्यापक जनआंदोलन करेगी।
स्मार्ट मीटर हटाने के समर्थन में भरवाए जाएंगे फॉर्म
देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर पूरी मजबूती से जनता के साथ खड़ी है। पार्टी कार्यकर्ता स्मार्ट मीटर हटाने के समर्थन में फॉर्म भरवाएंगे और बढ़े हुए बिजली बिलों से जुड़ी शिकायतों को एकत्र कर बिजली विभाग तथा राज्य सरकार के समक्ष रखेंगे।
उन्होंने दावा किया कि स्मार्ट मीटर को लेकर कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है और लोग खुलकर इसका विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस इस अभियान को प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी में है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने राज्य सरकार से मांग की है कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था समाप्त कर पहले की बिजली व्यवस्था बहाल की जाए। पहले की तरह 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल देने की योजना दोबारा लागू की जाए। बढ़े हुए बिजली बिलों से आम उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
पार्टी का कहना है कि जब तक उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिलती, तब तक स्मार्ट मीटर के खिलाफ उसका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
