CG-शादी का झांसा, संबंध बनाए…फिर जाति का हवाला देकर मुकर गया! पुलिस ने आरोपी को दबोचा, जेल भेजा

बिलासपुर। शादी का सपना दिखाकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से साफ इनकार करने के आरोप में चकरभाठा पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर बीएनएस की धारा 69 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने 25 अगस्त 2026 को चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई। युवती ने आरोप लगाया कि रंजीत गिरी गोस्वामी ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब शादी की बात आई तो आरोपी ने युवती के दूसरी जाति से होने का हवाला देते हुए शादी करने से इनकार कर दिया।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश
मामले की शिकायत मिलते ही चकरभाठा पुलिस ने धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी कौन है?
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत गिरी गोस्वामी (25), पिता दिनेश पूरी गोस्वामी, निवासी तेलियापुरान, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में वार्ड नंबर 12, विकासनगर, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर में रह रहा था।
पुलिस की अपील
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाने में सूचना दें।
