CG Coal Scam: EOW की चार्टशीट में आया Dr. Kumar Vishwas के कार्यक्रम का नाम, देवेंद्र यादव-सूर्यकांत की WhatsApp चैट का EOW ने किया जिक्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 570 करोड़ रुपये के कोल लेवी (अवैध उगाही) मामले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की छठी पूरक चार्जशीट ने सियासी हलकों में हलचल बढ़ा दी है। करीब 9 हजार पन्नों की चार्जशीट में कवि कुमार विश्वास के ‘हमर भांचा राम’ कार्यक्रम का भी जिक्र सामने आया है। EOW के मुताबिक, इस कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपये की व्यवस्था किए जाने से संबंधित बातचीत के प्रमाण जांच में मिले हैं।
EOW की चार्जशीट के मुताबिक, मामले के आरोपी कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और आरोपी सूर्यकांत तिवारी के बीच WhatsApp पर हुई बातचीत में कुमार विश्वास के कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपये की व्यवस्था किए जाने का जिक्र मिला है।
जांच एजेंसी ने इसी बातचीत को अपनी छठी पूरक चार्जशीट में शामिल किया है। हालांकि, इन दावों और दस्तावेजों पर अंतिम निष्कर्ष अदालत की न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा।
खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान हुआ था कार्यक्रम
कुमार विश्वास का ‘हमर भांचा राम’ कार्यक्रम खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के दौरान आयोजित किया गया था। उस समय कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक विवाद भी खड़ा हुआ था।
भाजपा की ओर से निर्वाचन आयोग में शिकायत की गई थी। आरोप लगाया गया था कि सरकार की ओर से रामनवमी पर शोभायात्रा की अनुमति नहीं दी जा रही थी, जबकि कांग्रेस की ओर से आयोजित कुमार विश्वास के कार्यक्रम को अनुमति दी गई। अब इसी कार्यक्रम का नाम कोल लेवी मामले की EOW जांच से जुड़ी चार्जशीट में सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चा फिर तेज हो गई है।
12 आरोपियों से जुड़ी कार्रवाई आगे बढ़ी
EOW ने इस छठी पूरक चार्जशीट में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव, रामगोपाल अग्रवाल और IAS रानू साहू के भाई पीयूष साहू समेत 12 प्रमुख आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया है। करीब 9 हजार पन्नों की इस चार्जशीट के अदालत में पेश होने के बाद मामले की न्यायिक प्रक्रिया और तेज होने की उम्मीद है।
कोर्ट में देवेंद्र यादव के बयान से भी सियासत गरम
चार्जशीट पेश होने के बाद कोर्ट परिसर में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के बयान ने भी राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। एक तरफ EOW की चार्जशीट में सामने आए दस्तावेज और कथित WhatsApp बातचीत चर्चा में हैं, तो दूसरी तरफ आरोपी पक्ष के बयान को लेकर भी सियासी बहस शुरू हो गई है।
