CG-बाजार हटाने पहुंची निगम की टीम से बवाल! मारपीट के आरोपों से मचा हड़कंप, 2 कर्मचारी और पुलिस जवान घायल

रायपुर। राजधानी के भाठागांव सब्जी बाजार में बाजार हटाने की कार्रवाई उस वक्त विवाद में बदल गई, जब नगर निगम की टीम और स्थानीय लोगों के बीच जमकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। निगम की ओर से टीम के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना में निगम के दो कर्मचारियों और एक पुलिस जवान के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की टीम भाठागांव सब्जी बाजार को हटाने के लिए कार्रवाई करने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मौके पर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
हंगामे की सूचना के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
निगम का आरोप—टीम से मारपीट, ग्रामीण बोले-हम पर हुआ हमला
भाठागांव विवाद में दोनों पक्षों के आरोप आमने-सामने हैं। नगर निगम की ओर से आरोप लगाया गया है कि कार्रवाई के दौरान टीम के साथ मारपीट की गई। इस घटना में दो निगम कर्मचारियों और एक पुलिस जवान के घायल होने की जानकारी है।
दूसरी ओर, स्थानीय ग्रामीणों ने निगम टीम के साथ मारपीट करने के आरोप को खारिज किया है। ग्रामीणों का दावा है कि कार्रवाई के दौरान निगम की टीम की ओर से ही मारपीट की गई। उनका कहना है कि इसी दौरान हुई धक्कामुक्की में निगम कर्मचारी और पुलिस जवान घायल हुए।
किसकी गलती, जांच में खुलेगा राज
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर फिलहाल दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवाद की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मामले में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बाजार हटाने की कार्रवाई के दौरान विवाद कैसे शुरू हुआ और मारपीट की घटना में किसकी भूमिका रही।