CG-स्कूल से घर लौट रहे 3 मासूम नदी में बहे, एक का शव बरामद; 2 की तलाश जारी

– पानी कम था, फिर भी तेज बहाव बना काल; समडील गांव में पसरा मातम, नदी किनारे अपनों की तलाश में टिकी निगाहें
बिलासपुर/तखतपुर। स्कूल की छुट्टी हुई तो तीन मासूम बच्चे रोज की तरह घर लौटने निकले थे। शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि घर पहुंचने से पहले ही घोंघा नदी का तेज बहाव उनकी जिंदगी की राह रोक देगा। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में शनिवार को हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आया और तीनों मासूम उसकी चपेट में आकर बह गए।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण बदहवास होकर नदी की ओर दौड़े। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर घंटों तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो मासूम अब भी लापता हैं।
थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे नदी पार कर घर लौट रहे थे। अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से वे बह गए। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम को बुलाया जा रहा है, जो लापता दोनों बच्चों की तलाश के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान अनमोल जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल, स्तुति जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल और शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों समडील गांव के निवासी हैं।
हादसे के बाद समडील में हर तरफ चीख-पुकार और मातम का माहौल है। परिजन नदी किनारे अपने बच्चों की तलाश में टकटकी लगाए बैठे हैं। ग्रामीण भी उम्मीद नहीं छोड़ रहे हैं और लगातार नदी के आसपास तलाश में जुटे हैं।
एक तरफ नदी का तेज बहाव है और दूसरी तरफ अपनों को बचा लेने की आखिरी उम्मीद। अब पूरे गांव की नजर एसडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन पर टिकी है।
