रायपुर सेंट्रल जेल में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 4 घंटे खंगाली बैरकें; 50 जवानों ने चलाया अभियान

रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। केंद्रीय जेल रायपुर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ा औचक तलाशी अभियान चलाया। करीब चार घंटे तक चले सघन सर्च ऑपरेशन में जेल की अलग-अलग बैरकों से लेकर परिसर के चिन्हित हिस्सों तक की बारीकी से जांच की गई। कैदियों और उनके सामान की तलाशी के बावजूद पुलिस को कोई विशेष आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली।
अभियान सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला। कार्रवाई डीसीपी क्राइम आईपीएस स्मृतिक राजनाला, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडीएम उमाशंकर बांधे के नेतृत्व में की गई।
तलाशी अभियान में करीब 50 पुलिस जवान, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) तथा सेंट्रल जोन के विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
एक साथ कई बैरकों में पहुंचीं टीमें
अभियान के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। सभी टीमें एक साथ विभिन्न बैरकों में पहुंचीं और कैदियों, उनके सामान तथा बैरक परिसर की जांच की। महिला बैरक के लिए अलग टीम बनाई गई थी। टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए महिला बैरक और अन्य चिन्हित स्थानों की भी तलाशी ली।
वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर संभाली कमान
तलाशी अभियान की निगरानी अतिरिक्त डीसीपी सेंट्रल जोन विवेक शुक्ला, अतिरिक्त डीसीपी ACCU गौरव मंडल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा और प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने की। अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों के साथ बैरकों में पहुंचकर तलाशी की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
जेल में सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी
पुलिस के मुताबिक, जेल में समय-समय पर किए जाने वाले ऐसे औचक निरीक्षण का उद्देश्य आंतरिक सुरक्षा मजबूत करना और प्रतिबंधित सामग्री के संभावित प्रवेश एवं इस्तेमाल पर रोक लगाना है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में लगातार सतर्कता बरतने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
