बिलासपुर नगर निगम उपचुनाव: कांग्रेस ने शेख मोहम्मद आजम पर जताया भरोसा, जारी की प्रत्याशियों की सूची

बिलासपुर। नगरीय निकाय उपचुनाव 2026 को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर से शेख मोहम्मद आजम को कांग्रेस का अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया गया है। प्रत्याशी घोषित होते ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी सूची में बिलासपुर सहित कांकेर, कोरबा और मुंगेली जिले के प्रत्याशियों के नाम शामिल किए गए हैं। कांग्रेस संगठन ने स्थानीय समीकरण और कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया है।
कांग्रेस की जारी सूची में ये नाम शामिल
बिलासपुर नगर निगम, वार्ड 29 – शेख मोहम्मद आजम
कांकेर नगर पंचायत चारामा, वार्ड 13 – मोहित कुमार भरद्वाज
कांकेर नगर पंचायत पखांजूर, वार्ड 9 – रूक्मणी एट्टी
कोरबा नगर पालिका दीपका, वार्ड 15 – रेशिम टोप्पो
मुंगेली नगर पंचायत सरगांव, वार्ड 7 – मालती यादव
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी इस सूची पर संगठन के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू के हस्ताक्षर हैं। सूची जारी होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
संजय गांधी नगर वार्ड पर टिकी नजरें
बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर का उपचुनाव इस बार काफी दिलचस्प माना जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल इस सीट को प्रतिष्ठा का प्रश्न मानकर चुनावी रणनीति तैयार कर रहे हैं। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से टिकट को लेकर दावेदारों की सक्रियता भी बढ़ी हुई थी।
अब कांग्रेस द्वारा शेख मोहम्मद आजम को मैदान में उतारने के बाद मुकाबला और रोचक होने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी संगठन ने दावा किया है कि स्थानीय मुद्दों और जनता के समर्थन के दम पर कांग्रेस इस सीट पर जीत दर्ज करेगी।









