बिलासपुर यूनिवर्सिटी में छात्रों के बीच जमकर मारपीट; क्लास में शुरू हुई बहस, कैंटीन में बरसे मुक्के, वीडियो वायरल
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कॉमर्स विभाग में कार्यक्रम आयोजित कराने को लेकर शुरू हुई बहस ने लिया हिंसक रूप, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (UTD) में छात्रों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कॉमर्स विभाग में एक कार्यक्रम आयोजित कराने को लेकर शुरू हुई बहस ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। विवाद कक्षा से शुरू होकर विश्वविद्यालय की कैंटीन तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के छात्र आपस में भिड़ गए।
जानकारी के मुताबिक, इस विवाद में एबीवीपी से जुड़े पदाधिकारियों और एक अन्य छात्र के बीच कहासुनी हुई थी। बहस बढ़ने के बाद छात्रों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान कुछ छात्राएं भी मौके पर मौजूद दिखाई दीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में छात्र एक-दूसरे से मारपीट करते और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।
घटना का वीडियो विश्वविद्यालय के शिक्षण विभाग का बताया जा रहा है। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस बात पर हुई और मारपीट में कौन-कौन शामिल था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
परिसर की सुरक्षा पर उठे सवाल
विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह की घटना ने सामान्य विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कक्षा और कैंटीन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर छात्रों के बीच मारपीट होना विश्वविद्यालय की अनुशासन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। अब निगाहें विश्वविद्यालय प्रशासन पर हैं कि मामले में क्या कार्रवाई की जाती है और परिसर में शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।