“मुझे ही छुड़वाने आ जाइए…” मंत्री राजेश अग्रवाल ने TI को लगाया फोन, बोले- व्यापारियों ने बना लिया है बंधक; वायरल हुआ वीडियो
अंबिकापुर में लाखों की चोरी पर कार्रवाई नहीं होने से भड़के पर्यटन मंत्री, कोतवाली प्रभारी ने मांगे दो दिन; व्यापारियों के सामने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का एक अलग ही अंदाज सोमवार रात देखने को मिला। लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज व्यापारियों के बीच मंत्री ने कोतवाली प्रभारी को फोन लगा दिया। बातचीत के दौरान उन्होंने ऐसा व्यंग्य किया कि पहले तो वहां मौजूद व्यापारी भी चौंक गए। मंत्री ने TI से कहा कि व्यापारियों ने उन्हें बांधकर बंधक बना लिया है, इसलिए पुलिस भेजकर उन्हें छुड़वा लिया जाए।
दरअसल, मंत्री का यह बयान किसी वास्तविक बंधक बनाए जाने की घटना को लेकर नहीं, बल्कि चोरी के मामले में पुलिस की कथित सुस्ती पर नाराजगी जताने का तरीका था। मंत्री और कोतवाली प्रभारी के बीच हुई बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लाखों की चोरी, पुराने कर्मचारियों पर आरोप
मामला अंबिकापुर के खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग का है। यहां लाखों रुपये की चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। चोरी का आरोप दुकान के पुराने कर्मचारियों पर लगाया गया है।
पीड़ित कारोबारी का कहना है कि घटना की शिकायत के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। व्यवसायी पहले भी पुलिस अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया।
पुलिस ने पैसे मांगे, दे भी दिए… फिर भी गिरफ्तारी नहीं!
सोमवार रात मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर के अग्रसेन भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान अग्रवाल ट्रेडिंग के संचालक ने अपनी परेशानी मंत्री के सामने रखी।
व्यवसायी ने आरोप लगाया कि चोरी के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने पैसे मांगे थे और उन्होंने पैसे भी दे दिए, लेकिन इसके बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई। इस शिकायत को सुनते ही मंत्री ने मौके पर ही कोतवाली प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगा दिया।
TI ने मांगे दो दिन, मंत्री बोले- मुझे ही छुड़वा लीजिए
फोन पर कोतवाली प्रभारी ने मंत्री को बताया कि पुलिस लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन आरोपी अभी तक पकड़ में नहीं आए हैं। उन्होंने कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा।
इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि जब आरोपी पकड़ में नहीं आ रहे हैं तो उन्हें छोड़ दीजिए। अब तो 40-50 व्यापारियों ने मुझे ही बांधकर बंधक बना लिया है। आप पुलिस भेजिए और मुझे छुड़वा लीजिए।
TI लगातार मंत्री से व्यापारियों को भरोसा दिलाने की बात कहते रहे कि दो दिन में कार्रवाई का परिणाम सामने आएगा। लेकिन मंत्री ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि आप पुलिस भेजकर मुझे छुड़वाइए।
बातचीत के अंत में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि दो दिन बाद क्या कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी उन्हें फोन करके दी जाए।
अब दो दिन में पुलिस की कार्रवाई पर नजर
इस पूरे घटनाक्रम में मंत्री का अंदाज चर्चा का विषय बन गया है। एक तरफ व्यापारी चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मंत्री ने खुद पुलिस अधिकारी को फोन कर जवाब मांगा है।
अब देखना होगा कि कोतवाली पुलिस दो दिन के भीतर चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार कर पाती है या नहीं। फिलहाल मंत्री और TI की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
