Bilaspur में खेल प्रतिभाओं का महामंच! 571 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, अरुण साव ने किया राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ


बिलासपुर। बहतराई की खेल भूमि एक बार फिर प्रदेशभर की उभरती खेल प्रतिभाओं से गुलजार है। स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई में बुधवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

प्रदेश के पांचों संभागों—बस्तर, बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा और दुर्ग—से 571 खिलाड़ी इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। 10 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में तीरंदाजी, हॉकी और कबड्डी के मुकाबले होंगे।

तीरंदाजी से हॉकी और कबड्डी तक मुकाबले

प्रतियोगिता में 14 वर्ष, 17 वर्ष और 19 वर्ष आयु वर्ग की तीरंदाजी, 19 वर्ष आयु वर्ग की हॉकी तथा 19 वर्ष बालक वर्ग की कबड्डी के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। खिलाड़ी बहतराई के एस्ट्रोटर्फ, इंडोर स्टेडियम और तीरंदाजी मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

‘बहतराई ने देश को दिए कई प्रतिभावान खिलाड़ी’

उद्घाटन अवसर पर अरुण साव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बहतराई की खेल भूमि ने देश और प्रदेश को कई प्रतिभावान खिलाड़ी दिए हैं।

उन्होंने संजू देवी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने इसी मैदान पर खेलकर एशियन गेम्स कबड्डी में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव ने अंडर-19 महिला हॉकी में देश का गौरव बढ़ाया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा वही खिलेगा’ का उल्लेख करते हुए साव ने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

‘खेल में हार नहीं, सीख मिलती है’

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है—खिलाड़ी या तो जीतता है या सीखता है।

उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने की जरूरत बताते हुए बहतराई खेल परिसर को मध्य भारत के उत्कृष्ट खेल संस्थानों में विकसित करने के लिए इसके उन्नयन पर जोर दिया।

बेटियों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह में पीएमश्री कन्या विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने भारत माता की वंदना के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। तपती धूप के बीच छात्राओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और दर्शकों का ध्यान खींचा। उनकी प्रस्तुति की सराहना करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने ₹11 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अगले तीन दिनों तक प्रदेशभर के स्कूली खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp