Trending

रायपुर में ज्वेलर्स लूट की बड़ी साजिश नाकाम: दिल्ली-बिहार के 3 युवक हथियारों समेत गिरफ्तार, कल्याण ज्वेलर्स थे निशाने पर

रेलवे स्टेशन के पास से दबोचे गए आरोपी, देशी पिस्टल, कारतूस और चाकू बरामद; पुलिस बोली- वारदात से पहले ही धरे गए बदमाश


रायपुर, 06 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर पुलिस ने शहर में एक बड़ी डकैती की साजिश का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली और बिहार के तीन युवकों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बनाकर रायपुर पहुंचे थे, लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दिल्ली के एक आंदोलन में भी सक्रिय रहे थे।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नई सड़क के पास संदिग्ध हालत में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

देशी पिस्टल, कारतूस और चाकू बरामद

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, 2,500 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती डालने की योजना बना रहे थे।

पहले ही कर चुके थे रेकी

पुलिस जांच में सामने आया कि 1 अप्रैल 2026 को आरोपियों में से एक ने ज्वेलर्स की रेकी की थी। इस दौरान दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के क्षेत्र और वारदात को अंजाम देने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई गई थी। फरार साथी मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में रहकर रेकी की तस्वीरें साझा कर रहे थे और पूरी योजना तैयार की जा रही थी।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

गुढ़ियारी थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ हथियारों के स्रोत और पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा (19), निवासी दिल्ली, सुशांत कुमार पासवान (19), निवासी दिल्ली और मयंक सिंह (19), निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में होने वाली एक बड़ी डकैती की वारदात टाल दी गई। मामले की विवेचना जारी है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp