अब रेडियो पर सुनिए ‘सोलर दीदियों’ की कहानी, 12 नवंबर को ‘दीदी के गोठ’ का 16वां एपिसोड
आकाशवाणी से हिंदी, छत्तीसगढ़ी, बस्तरिया और सरगुजिया में होगा प्रसारण, महिलाएं खुद बताएंगी सौर ऊर्जा से जुड़ने के बाद के अनुभव

रायपुर। गांवों में सौर ऊर्जा की नई रोशनी फैलाने वाली महिलाओं की कहानी अब रेडियो पर सुनाई देगी। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ के 16वें एपिसोड में इस बार ‘सोलर दीदियों’ के अनुभवों को जगह दी गई है। गुरुवार, 12 नवंबर को प्रसारित होने वाले इस विशेष एपिसोड में महिलाएं खुद बताएंगी कि सौर ऊर्जा से जुड़कर उनके जीवन और कामकाज में किस तरह बदलाव आया है।
‘दीदियों की कहानी, उन्हीं की जुबानी’ की सोच पर आधारित यह कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को अपने अनुभव साझा करने का मंच देता है। इस बार सोलर दीदियां अपनी यात्रा, काम के अनुभव और सौर ऊर्जा से जुड़ी पहल के बारे में श्रोताओं से बातचीत करेंगी।
कार्यक्रम का प्रसारण दोपहर 2 बजे हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में आकाशवाणी के छत्तीसगढ़ स्थित सभी केंद्रों से होगा। वहीं, दोपहर 2:30 बजे बस्तरिया और सरगुजिया भाषाओं में आकाशवाणी जगदलपुर एवं सरगुजा केंद्र से भी इसे सुना जा सकेगा।
श्रोता फोन पर पूछ सकेंगे अपने सवाल
‘दीदी के गोठ’ केवल महिलाओं की कहानियां सुनने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि श्रोताओं को सीधे संवाद का अवसर भी देता है। सोलर दीदियों की पहल या कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी के लिए श्रोता दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक टोल-फ्री नंबर 1800-233-2398 पर फोन कर अपने सवाल पूछ सकते हैं।
ग्रामीण महिलाओं की पहल, अनुभव और आत्मनिर्भरता की कहानियों को सामने लाने वाला यह कार्यक्रम हर महीने के दूसरे गुरुवार को प्रसारित किया जाता है।
