पोस्टिंग का सौदा, ठेकों का झांसा और फर्जी रसूख…DSP कल्पना वर्मा विवाद वाले दीपक टंडन पर नया खुलासा! 4 ASP, 3 DSP को पोस्टिंग का झांसा देकर वसूले पैसे?
कभी IAS-IPS तो कभी बड़ा सरकारी अफसर बनकर करता था फोन, नेताओं और अधिकारियों से नजदीकी दिखाकर जमाता था रौब; ठेके दिलाने से लेकर ट्रांसफर कराने तक के नाम पर ठगी के आरोप

रायपुर। DSP कल्पना वर्मा के साथ विवाद को लेकर सुर्खियों में आए होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें अब और बढ़ती नजर आ रही हैं। उस पर अब पुलिस विभाग के ही बड़े अधिकारियों को कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाने के आरोप सामने आए हैं। दावा है कि दीपक ने चार एडिशनल एसपी (ASP), तीन डीएसपी (DSP) और कुछ थाना प्रभारियों को मनचाही जगह पोस्टिंग और ट्रांसफर कराने का भरोसा देकर उनसे पैसे लिए थे। हालांकि, रकम लेने के बाद किसी का काम नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कुछ पुलिस अधिकारी अपनी पसंद की जगह पदस्थापना चाहते थे। इसी का फायदा उठाकर दीपक ने नेताओं और बड़े अधिकारियों तक अपनी पहुंच होने का दावा किया। उसने भरोसा दिलाया कि उसकी पहचान के जरिए मनचाही पोस्टिंग आसानी से मिल सकती है। आरोप है कि कई अधिकारी उसकी बातों में आ गए और उसे रकम दे दी।
लेकिन समय बीतने के बाद भी जब किसी अधिकारी का ट्रांसफर या पोस्टिंग नहीं हुई तो विवाद शुरू हो गया। अधिकारियों ने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन दीपक कथित तौर पर अलग-अलग बहाने बनाकर उन्हें टालता रहा। यह भी दावा किया जा रहा है कि एक ASP ने दबाव बनाकर अपनी रकम वापस ले ली, जबकि तीन अन्य अधिकारियों के पैसे फंस गए। यहां तक कि कुछ अधिकारी अपनी रकम निकालने के लिए दीपक के होटल का कामकाज संभालने लगे थे। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कभी IAS तो कभी IPS बनकर करता था फोन
दीपक टंडन पर आरोप है कि वह लोगों के सामने अपनी पहचान और रसूख का ऐसा जाल बुनता था कि सामने वाला उसकी बातों में आ जाता था। शिकायतों के मुताबिक, वह कभी खुद को IAS, कभी IPS तो कभी IFS अधिकारी बताकर फोन करता था। इसके अलावा कमिश्नर और सरकारी विभागों का MD होने का दावा भी करता था।
अपनी पहुंच का भरोसा दिलाने के लिए वह नेताओं और बड़े अधिकारियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें दिखाता था। लोगों को मिलने के लिए अक्सर अपने होटल में बुलाता था। इसी तरीके से वह सरकारी काम, ठेके और विभागों में मनचाही मदद दिलाने का भरोसा देता था।
ठेके दिलाने के नाम पर कारोबारियों से भी वसूली
दीपक टंडन पर कोयला कारोबार, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग और पर्यटन मंडल से जुड़े ठेके दिलाने के नाम पर कारोबारियों से पैसे लेने के आरोप भी सामने आए हैं।
सक्ती के कारोबारी किशन शर्मा ने आरोप लगाया कि दीपक ने बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा देकर उनसे 15 लाख रुपये लिए थे। भरोसा कायम करने के लिए चार लाख रुपये का HDFC बैंक का चेक भी दिया गया। लेकिन जब टेंडर नहीं मिला और कारोबारी ने रकम वापस मांगी तो टालमटोल शुरू हो गई। बाद में चेक बैंक में लगाने पर पता चला कि संबंधित खाता पहले ही बंद हो चुका था।
न्यूज पोर्टल को लेकर भी उठे सवाल
दीपक टंडन के करीब चार महीने पहले शुरू किए गए न्यूज पोर्टल ‘हनी बायजर’ को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। दावा है कि पोर्टल का इस्तेमाल कुछ अधिकारियों और कारोबारियों के विरोधियों के खिलाफ खबरें प्रकाशित करने के लिए किया जाता था।
आरोप यह भी हैं कि जिन लोगों से दीपक के संबंध खराब होते थे, उन्हें निशाना बनाकर खबरें चलाई जाती थीं। हालांकि, पोर्टल के इस्तेमाल और कथित दबाव बनाने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
पत्नी बरखा के मोबाइल से मिले चैट और स्क्रीनशॉट
इस पूरे मामले में दीपक की पत्नी बरखा टंडन की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, मोबाइल में कई चैट और बातचीत के स्क्रीनशॉट मिले हैं। इनमें एक पूर्व मंत्री, IAS अधिकारी और DSP से जुड़ी बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि संबंधित लोगों और कथित लेन-देन के बीच संबंध स्पष्ट हो सके।
होटल पर कब्जे से लेकर दूसरे की संपत्ति बेचने तक के आरोप
दीपक और बरखा टंडन पर रायपुर में एक होटल की संपत्ति पर कब्जा करने और नगर निगम की सील तोड़ने का आरोप भी है। इस मामले में आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख डॉ. सरिता वाजपेयी की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज होने की खबर है।
इसके अलावा दूसरे व्यक्ति के रेस्टोरेंट और गाड़ी का सौदा करने के नाम पर रकम लेने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इन मामलों में पुलिस अलग-अलग शिकायतों और दस्तावेजों की जांच कर रही है।
अब डिजिटल सबूतों और पुराने संपर्कों की जांच
दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस पहले ही AI से तस्वीरों में छेड़छाड़ कर कथित तौर पर फर्जी और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने तथा ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इसके बाद रायपुर और सक्ती में भी उसके खिलाफ नई FIR दर्ज होने की खबरें सामने आई हैं।
