बिलासपुर में तूफान का अलर्ट: कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संभाली कमान; रोजगार मेला स्थगित, जलाशयों और पिकनिक स्पॉट पर प्रतिबंध
28-29 अक्टूबर को तेज हवाओं की आशंका, कलेक्टर ने अस्पतालों से लेकर बिजली विभाग तक को किया अलर्ट; गर्भवती महिलाओं को पहले भर्ती कराने के निर्देश

बिलासपुर, 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में संभावित तूफान को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 और 29 अक्टूबर को 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसे देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने राहत और बचाव की तैयारियों की कमान संभालते हुए सभी विभागों को हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का फोकस संभावित नुकसान को रोकने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर है।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में राहत पहुंचाने में देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संभावित प्रभावित क्षेत्रों की पहचान करने, सुरक्षित आश्रय स्थल तैयार रखने और जिला से लेकर तहसील स्तर तक नियंत्रण कक्षों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर का सख्त निर्देश: हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम में मिलने वाली प्रत्येक सूचना का रिकॉर्ड रखा जाए और उसे तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाए। नगर निगम सहित सभी नगरीय निकायों को जेसीबी और जरूरी संसाधनों के साथ तैयार रहने को कहा गया है। जलभराव की आशंका वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने और प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थलों की पहचान कर वहां साफ-सफाई तथा जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पेड़, होर्डिंग और बिजली के खंभों पर नजर
तेज हवाओं के दौरान पेड़ों की डालियां टूटने, होर्डिंग गिरने और बिजली व्यवस्था बाधित होने की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने एहतियाती कदम उठाने को कहा है। जोखिमपूर्ण पेड़ों और झुकी हुई डालियों की छंटाई कराने के साथ कमजोर आधार वाले होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्युत विभाग को कमजोर बिजली खंभों और संवेदनशील विद्युत लाइनों की जांच करने को कहा गया है। अस्पतालों और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश हैं, ताकि खराब मौसम के दौरान जरूरी सेवाएं बाधित न हों।
अस्पतालों में डॉक्टरों की मौजूदगी अनिवार्य
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आपात स्थिति में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित रहनी चाहिए। किसी मरीज को इलाज के लिए डॉक्टर या कर्मचारी की तलाश में भटकना न पड़े।
सबसे महत्वपूर्ण निर्देश गर्भवती महिलाओं को लेकर दिया गया है। जिन महिलाओं की प्रसव की संभावित तारीख 28 या 29 अक्टूबर है, उन्हें एक दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था करने को कहा गया है। इसका उद्देश्य खराब मौसम के कारण अस्पताल पहुंचने में होने वाली परेशानी से बचाना और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
होमगार्ड, आपदा दल और पुलिस भी अलर्ट
कलेक्टर ने होमगार्ड एवं आपदा मोचन दल को राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। रस्सा पार्टी, नाव, इमरजेंसी लाइट और अन्य बचाव उपकरणों की जांच कर उन्हें कार्यशील स्थिति में रखने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए स्थानीय स्तर पर कुशल तैराकों को भी चिह्नित किया जाएगा।
जिले के सभी थानों को अलर्ट रहने और एसडीएम को विकासखंड स्तर पर संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर जिम्मेदारियां तय करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुनादी से लोगों को किया जाएगा सतर्क
संभावित खराब मौसम को देखते हुए गांवों और शहरों में मुनादी तथा माइक के जरिए लोगों को सावधान करने की तैयारी की जा रही है। कलेक्टर ने जलाशयों में घूमने आने वाले लोगों का प्रवेश बंद रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि तेज हवाओं और संभावित खराब मौसम के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
