कोरोना वायरस की दहशत….31 मार्च तक प्रदेश के स्कूल, कालेज के साथ ही आंगनबाड़ी, लाइब्रेरी, स्विमिंग पूल और वाटर पार्क बंद

चीन से शुरू हुआ कोरोना वायरस अब 116 से अधिक देशों में अपने पैर पसार चुका है, छत्तीसगढ़ सरकार ने एहतियत तौर पर एक बड़ा फैसला लिया है, कोरोना वायरस (COVID-19) के संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए नगरीय निकायों की सीमा के तहत स्थित सभी सार्वजनिक पुस्तकालय (लाइब्रेरी) तथा शासकीय, अर्धशासकीय और निजी व्यायाम शाला (जिम), स्विमिंग पूल और वाॅटर पार्क को  31 मार्च 2020 तक बंद रखने का फैसला लिया गया है |

नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव अलरमेलमंगई डी. ने कोरोना वायरस के संक्रमण के रोकथाम और नियंत्रण के लिए प्रदेश के सभी कलेक्टरों, नगर निगम आयुक्तों और नगर पालिका परिषद-नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को एक पत्र लिखकर इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए है. सरकार द्वारा जारी इस पत्र में इन निर्देशों को सख्ती से पालन करने कहा गया है. साथ ही सभी कार्रवाई की रिपोर्टिंग सरकार को करने की हिदायत दी गई है.

आंगनबाड़ी भी रहेंगे बंद

केन्द्र सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी को ध्यान में रखकर राज्य शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि  कोरोना वायरस से संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी और मिनी आंगनबाड़ी केन्द्र 31 मार्च 2020 तक तत्काल प्रभाव से बंद रहेंगे. इस दौरान हितग्राहियों को रेडी-टू-ईट का वितरण यथावत जारी रहेगा. सरकार ने फिलहाल वजन त्यौहार और पोषण अभियान अंतर्गत पोषण पखवाड़ा के कार्यक्रमों को आगामी आदेश तक स्थगित रखने के निर्देश दिए गए है. इस संबंध में मंत्रालय से महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने विभागीय आयुक्त, सभी संभागीय संभागायुक्तों, कलेक्टरों, जिला कार्यक्रम अधिकारियों एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों को परिपत्र जारी कर दिया है |

31 मार्च तक तकनीकी शिक्षण संस्था बंद रहेंगे

नोवल कोरोना वायरस (COVID-19) के संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के समस्त शासकीय एवं निजी संस्थान एवं प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से 31 मार्च 2020 तक बंद रहेगा।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती रेणु जी. पिल्ले ने नोवल कोरोना वायरस (COVID-19) के संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए प्रदेश के संचालक तकनीकी शिक्षा, संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण-लाईवलीहुड कॉलेज परियोजना रायपुर, कुलसचिव, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई और प्राचार्य, समस्त इंजीनियरिंग महाविद्यालय, पॉलीटेक्निक संस्थान, फार्मेसी संस्थान एवं आर्किटेक्चर संस्थान के अधिकारियों को पत्र प्रेषित कर इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देश में कहा गया है कि परीक्षाएं यथावत पूर्व समय-सारणी के अनुसार सम्पन्न होगी। इन परीक्षाओं को करवाने के लिए अनिवार्य स्टॉफ की व्यवस्था यथावत रहेगी। पत्र में कहा गया है कि इस निर्देश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए की गई कार्यवाही से अवगत कराया जाए।

शासकीय एवं अशासकीय विश्वविद्यालय और महाविद्यालय 31 मार्च तक बंद रहेंगे
केन्द्र सरकार द्वारा कोरोना वायरस के संबंध में जारी एडवाइजरी के तारतम्य में राज्य शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि नोवल कोरोना वायरस (COVID-19 ) से संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विश्वविद्यालय और महाविद्यालय 31 मार्च 2020 तक तत्काल प्रभाव से बंद रहेंगे। इस अवधि में होने वाली वार्षिक परीक्षाएं यथावत संचालित होती रहेंगी। इस संबंध में आयुक्त उच्च शिक्षा संचालनालय से प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विश्वविद्यालयों के कुल सचिवों और शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यो को परिपत्र जारी कर दिया गया है।

Related Articles