युवा कांग्रेस चुनाव में बड़ा ट्विस्ट: सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के नामांकन होल्ड, आज शाम तक देना होगा जवाब

रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के बीच बड़ा सियासी ट्विस्ट सामने आया है। प्रदेश अध्यक्ष पद के दो प्रमुख दावेदार सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के नामांकन तत्काल प्रभाव से होल्ड कर दिए गए हैं। दोनों नेताओं के नामांकन पर रोक लगाए जाने की खबर के बाद युवा कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है।
प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में चेलक और बंजारे को प्रमुख दावेदार माना जा रहा था। नामांकन और स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के नाम चुनावी मुकाबले में प्रमुखता से सामने आए थे। ऐसे में चुनाव के बीच दोनों नामांकनों का होल्ड होना संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया और पारदर्शिता को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।
निजी एजेंसी से सदस्यता कराने का आरोप
दोनों दावेदारों को जारी नोटिस में कहा गया है कि संज्ञान में आया है कि उनके द्वारा प्राइवेट एजेंसी के माध्यम से सदस्यता कराई गई, जिसे लागू चुनाव आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों के विपरीत बताया गया है।
नोटिस में इसी आधार पर दोनों नेताओं के नामांकन को तत्काल प्रभाव से होल्ड किए जाने की बात कही गई है। साथ ही चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शी प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
आज शाम 7 बजे तक देना होगा जवाब
नोटिस के मुताबिक दोनों नेताओं को 8 सितंबर की शाम 7 बजे तक लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना होगा। उनसे यह भी पूछा गया है कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के संबंध में उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई क्यों न की जाए।
निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं मिलने की स्थिति में यह माना जाएगा कि संबंधित दावेदार को इस संबंध में कोई आपत्ति या स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करना है और उन्होंने आरोपों को स्वीकार कर लिया है। इसके बाद उनके खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
पहले भी विवादों में रही चुनाव प्रक्रिया
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव की शुरुआत के बाद से ही नामांकन और पात्रता को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। इससे पहले भी कुछ उम्मीदवारों के नामांकन होल्ड किए जाने और स्क्रूटनी के दौरान कुछ नामांकन निरस्त किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
दावेदारों की ओर से चुनावी प्रक्रिया को लेकर शिकायतें भी की गई थीं, जिन पर सुनवाई होने की बात सामने आई थी। अब प्रदेश अध्यक्ष पद के दो सबसे चर्चित चेहरों के नामांकन होल्ड होने से विवाद और गहरा गया है।
17 दावेदारों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा चेलक-बंजारे की
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए करीब 17 दावेदारों के मैदान में होने की बात कही जा रही है, लेकिन राजनीतिक चर्चा का केंद्र सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे बने हुए हैं।
दोनों नेताओं को लेकर युवा कांग्रेस के भीतर अलग-अलग राजनीतिक समीकरणों की चर्चा भी होती रही है। हालांकि किस नेता को किस राजनीतिक खेमे का समर्थन हासिल है, इसे लेकर किए जा रहे कई दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में दोनों नेताओं के नामांकन पर कार्रवाई ने प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है।
30 अगस्त से चल रही ऑनलाइन वोटिंग
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस का संगठनात्मक चुनाव 30 अगस्त से शुरू हुआ है, जो 29 सितंबर तक ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए चलना है। पात्र सदस्य प्रदेश अध्यक्ष सहित संगठन के अलग-अलग पदों के लिए मतदान करेंगे। बताया गया है कि एक पात्र सदस्य को विभिन्न संगठनात्मक पदों के लिए कुल छह वोट डालने की व्यवस्था है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के जवाब के बाद चुनाव समिति क्या फैसला लेती है? क्या दोनों के नामांकन बहाल होंगे या फिर प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ से दोनों में से किसी एक या दोनों का पत्ता कट सकता है? इसका फैसला अब चुनाव समिति की अगली कार्रवाई पर टिका है।
