पेंड्रा सर्राफा व्यापारी हत्याकांड: मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, हत्या में शामिल 3 शूटर अब भी फरार, लूट का सामान जब्त


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कोटमी कला साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। छह दिन तक चली जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी खुशीराम साहू समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि खुशीराम साहू ने अपने भतीजे राजाराम साहू और बिहार-झारखंड के रहने वाले परिचित राहुल के साथ मिलकर इस लूट और हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने कई दिनों तक कोटमी कला साप्ताहिक बाजार में रेकी कर सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गतिविधियों पर नजर रखी और उन्हें आसान निशाना मानते हुए वारदात की योजना बनाई।

जानकारी के मुताबिक 23 मई को राहुल अपने साथियों संजय और राज के साथ बिलासपुर जिले के बिटकुला गांव स्थित खुशीराम साहू के घर पहुंचा था। यहां सभी ने बैठकर लूट की पूरी साजिश तैयार की। इसके बाद 26 मई को आरोपी देवरी खुर्द पहुंचे और स्थानीय सहयोगी गया प्रसाद रजक के घर ठहरे। दिनभर बाजार में निगरानी करने के बाद शाम को वारदात को अंजाम देने का फैसला किया गया।

बताया गया कि 26 मई की शाम करीब 7 बजे प्रदीप सोनी अपनी दुकान बंद कर हनुमान मंदिर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और उनसे बैग छीनने लगे। व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने बेहद करीब से उनकी छाती में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए और गया प्रसाद रजक के घर पहुंचे। वहां लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया। पुलिस के अनुसार सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने आभूषणों की पैकिंग सामग्री और अन्य सामान को पास की टेकरी में ले जाकर जला दिया था।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि खुशीराम साहू और गया प्रसाद रजक ने वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और लूटे गए कुछ आभूषण टेकरी में छिपाकर रखे थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण और घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp