द बाबूस न्यूज़

Chhattisgarh के इस ट्रेनी IPS पर 1 करोड़ रुपए से अधिक रिश्वत लेने का आरोप, CBI कोर्ट ने DGP और CBI निदेशक को नोटिस जारी


अंबिकापुर/नई दिल्ली, 7 अगस्त। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पदस्थ ट्रेनी आईपीएस एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) राहुल बंसल पर एक करोड़ रुपये से अधिक की कथित रिश्वत लेने का आरोप लगा है। मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष CBI अदालत ने छत्तीसगढ़ के DGP, CBI निदेशक, राहुल बंसल सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

हरियाणा निवासी शिकायतकर्ता आकाश कुमार ने आरोप लगाया है कि साइबर ठगी के एक मामले की जांच को प्रभावित करने के नाम पर उनसे एक करोड़ रुपये से अधिक की रिश्वत मांगी गई। शिकायत में दावा किया गया है कि यह रकम हवाला के जरिए ली गई। शिकायत में अंबिकापुर साइबर सेल के एएसआई प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा के नाम भी शामिल हैं।

CBI को शिकायत के बाद कोर्ट पहुंचे शिकायतकर्ता

शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने 8 जून 2026 को CBI निदेशक को लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने दिल्ली की विशेष CBI अदालत में परिवाद दायर किया। शिकायत के समर्थन में व्हाट्सऐप चैट, ऑडियो क्लिप और शपथ-पत्र भी अदालत में प्रस्तुत किए गए हैं।

DGP और CBI से मांगी रिपोर्ट

विशेष CBI अदालत ने मामले का संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ के डीजीपी से तथ्यात्मक रिपोर्ट तथा CBI से शिकायत पर अब तक की गई कार्रवाई का विवरण मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 11 अगस्त 2026 को निर्धारित की गई है।

साइबर ठगी की जांच से जुड़ा मामला

शिकायत के मुताबिक, यह पूरा मामला अंबिकापुर साइबर थाने में दर्ज 20.15 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के प्रकरण से जुड़ा है। आरोप है कि इसी मामले की जांच के दौरान रिश्वत की मांग की गई थी।

फिलहाल, मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आरोपों पर प्रतिक्रिया के लिए राहुल बंसल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

 

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp